सीईसी ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की बढ़ी मुश्किलें, राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर मांगे 48 सवालों के जवाब

राहुल गांधी और I.N.D.I.A. गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में नई अर्जी दाखिल कर CEC ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग से SIR, फॉर्म-6 और ECINET पर 48 सवालों के जवाब मांगे हैं।

0
68

नई दिल्ली: चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े विवादों को लेकर I.N.D.I.A. गठबंधन ने अब कानूनी मोर्चा और तेज कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में एक नई अर्जी दाखिल कर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग से 48 सवालों के विस्तृत जवाब मांगे हैं। याचिकाकर्ताओं का आग्रह है कि आयोग के शीर्ष अधिकारी इन सभी बिंदुओं पर हलफनामा (Affidavit) दाखिल कर स्थिति स्पष्ट करें।

SIR प्रक्रिया और आयुक्तों की सहमति पर सवाल
याचिका में देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) को लागू करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। अर्जी में पूछा गया है कि इस अभियान को शुरू करने का निर्णय कब और किस बैठक में लिया गया था। याचिकाकर्ताओं ने आयोग के उस दावे पर भी प्रमाण मांगा है, जिसमें सभी चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति की बात कही गई थी। उन्होंने मांग की है कि इस सहमति से जुड़ी आधिकारिक फाइलें और तारीखें अदालत के सामने रखी जाएं।

आयोग के भीतर मतभेदों का मांगा ब्योरा
अर्जी में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों के बीच आंतरिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं ने जानना चाहा है कि क्या एसआईआर, फॉर्म-6 या ईसिनेट (ECINET) जैसे अहम मुद्दों पर किसी आयुक्त ने लिखित में असहमति या आपत्ति दर्ज कराई थी। यदि कोई मतभेद था, तो क्या अंतिम निर्णय बहुमत के आधार पर लिया गया?

ईसिनेट और डेटा सुरक्षा पर 15 तकनीकी सवाल
चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसिनेट और इरोनेट (ERONET) की कार्यप्रणाली को लेकर कुल 15 सवाल पूछे गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से यह जानकारी मांगी गई है कि, इस सिस्टम को विकसित करने और इसमें बदलाव करने की अनुमति किस स्तर पर दी गई थी। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन करने का अधिकार किन अधिकारियों के पास है। क्या किसी निजी एजेंसी, ठेकेदार या बाहरी कर्मचारी को वोटर डेटा में बदलाव करने की पहुंच (Access) दी गई थी। मतदाता सूची में होने वाले हर बदलाव का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है या नहीं।

ऑनलाइन फॉर्म-6 और पश्चिम बंगाल के मामलों का हिसाब
याचिकाकर्ताओं ने ऑनलाइन फॉर्म-6 में जोड़े गए नए घोषणा पत्र (Declaration) पर भी आपत्ति जताई है। उन्होंने पूछा है कि इसे शामिल करने की मंजूरी किसने दी और इसके कारण कितने मतदाताओं के आवेदन रद्द या लंबित हुए। इसके अतिरिक्त, पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के न्यायिक आदेशों के खिलाफ चुनाव आयोग द्वारा दायर की गई अपीलों की संख्या, उनकी मंजूरी और वर्तमान स्थिति का भी पूरा ब्योरा मांगा गया है।

अधिकारियों की तय की गई जवाबदेही
सुप्रीम कोर्ट से अपील की गई है कि वे अलग-अलग मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से सीधे हलफनामा मंगवाएं| जिन फैसलों में आयुक्तों की व्यक्तिगत सहमति शामिल है, उन पर वे स्वयं हलफनामा दें। पूर्व में आयोग की ओर से जवाब दाखिल करने के नाते वे अन्य प्रशासनिक सवालों के उत्तर दें। ईसिनेट से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं पर आयोग के आईटी प्रमुख जवाब दाखिल करें। याचिकाकर्ताओं का मानना है कि चुनाव आयोग के पास इन सभी बिंदुओं से जुड़े आधिकारिक रिकॉर्ड मौजूद हैं और इनके सामने आने से ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here