पंजाब में 8,069 कैंसर मरीजों का कैशलेस इलाज, सरकार ने खर्च किए 20.22 करोड़ रुपये।

0
4

जाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 18 जुलाई 2026 तक 8,069 कैंसर मरीजों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है, जिस पर सरकार ने ₹20.22 करोड़ खर्च किए हैं। राज्य स्वास्थ्य एजेंसी, पंजाब के आंकड़ों के अनुसार, इनमें सबसे ज्यादा 4,285 मरीज 36 से 60 वर्ष की आयु के हैं। इसके अलावा 3,376 मरीज 60 वर्ष से अधिक, 399 मरीज 17 से 35 वर्ष और 9 मरीज 17 वर्ष से कम आयु के हैं। योजना के तहत मरीजों को इलाज के लिए अपनी जेब से खर्च न करना पड़े, इसके लिए कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है।

मरीजों के उपचार के आंकड़ें देखें तो जनवरी में 842, फरवरी में 1,080, मार्च में 1,175, अप्रैल में 1,350 और मई में 1,275 मरीजों का इलाज हुआ। जून में सबसे ज्यादा 1,468 मरीजों को उपचार मिला, जबकि जुलाई के पहले 18 दिनों में 879 मरीज योजना के तहत इलाज करा चुके हैं। 8 जनवरी 2026 को योजना शुरू होने के बाद अब तक 2,68,274 लाभार्थी उपचार प्राप्त कर चुके हैं और कुल 5,31,386 उपचार मामले दर्ज किए गए हैं। 20 जुलाई 2026 तक योजना के तहत उपलब्ध कराए गए उपचार का कुल मूल्य ₹950.35 करोड़ तक पहुंच चुका है।

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाई किसी भी मरीज के कैंसर उपचार में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और शीघ्र उपचार से मरीजों के स्वस्थ होने की संभावना बढ़ती है और मुख्यमंत्री सेहत योजना के जरिए पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शरीर में असामान्य गांठ, बिना वजह वजन कम होना, असामान्य रक्तस्राव, लंबे समय तक रहने वाली खांसी या मल-मूत्र की प्रक्रिया में बदलाव जैसे चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज न करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here