ब्रह्माकुमारीज़ के ‘ग्लोबल समिट 2026’ में पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और CM भजनलाल शर्मा, नशा मुक्त भारत का दिया संदेश

केंद्रीय गृह मंत्री ने वर्ष 2029 तक देश को पूरी तरह से नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. युवाओं और राष्ट्र की प्रगति के लिए इस मिशन का सफल होना बेहद जरूरी है.

0
78

सिरोही: आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्था के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में आयोजित ‘ग्लोबल समिट 2026’ में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिरकत की. यह भव्य आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की 90 वर्षों की आध्यात्मिक, सामाजिक और मानव-सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था.समिट में अपने संबोधन के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने संस्थान द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा-मुक्त भारत’ अभियान की जमकर सराहना की और इसे सरकार का पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस भी संकल्प को हाथ में लेते हैं, उसे अंजाम तक पहुंचाते हैं. इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री ने वर्ष 2029 तक देश को पूरी तरह से नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. युवाओं और राष्ट्र की प्रगति के लिए इस मिशन का सफल होना बेहद जरूरी है. नशे की लत से बाहर निकलने वाला युवा केवल स्वयं को नहीं बचाता, बल्कि अपने परिवार और देश के सामर्थ्य को भी नई दिशा देता है.

सेवा और सनातन संस्कृति से मिलती है प्रेरणा

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री के सेवा भाव का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी का 25 वर्षों का जनसेवा और प्रशासनिक नेतृत्व का कार्यकाल देश को एक नई ऊंचाई पर ले जा रहा है. उन्होंने हाल ही में दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में एक भारतीय नागरिक द्वारा यात्रियों की जान बचाने का उदाहरण देते हुए कहा कि यह निस्वार्थ सेवा भाव भारत की सनातन परंपरा और समृद्ध संस्कृति का ही परिणाम है.

90 वर्षों का स्वर्णिम आध्यात्मिक सफर

ब्रह्माकुमारीज़ की आध्यात्मिक यात्रा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका के बावजूद यह संस्थान पिछले नौ दशकों से बिना रुके समाज कल्याण में लगा है. 1950 से अर्बुदांचल की इस पावन तपोभूमि पर स्थित होकर संस्थान ने इसे योग और साधना का एक वैश्विक केंद्र बना दिया है. आज दुनिया के 140 से ज्यादा देशों में फैले 5,000 से अधिक सेवा केंद्रों के जरिए यह संस्था भारतीय संस्कृति और विचारों की अलख जगा रही है. आचार्य चाणक्य का उल्लेख करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि सत्य, ज्ञान, धर्म, दया, शांति और क्षमा ही मनुष्य का वास्तविक परिवार हैं, और इसी भावना के साथ ब्रह्माकुमारीज़ समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है. उन्होंने ‘जागृति से कार्य तक’ के विज़न की तुलना स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” से की. अंत में उन्होंने राजयोगिनी आशा दीदी से हुई मुलाकातों और अपने गृह नगर पटना के ब्रह्माकुमारी केंद्रों से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभवों को भी साझा किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here