अयोध्या राम मंदिर ध्वजारोहण: 25 नवंबर को आम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश बंद, CM योगी करेंगे तैयारियों की समीक्षा

0
128

Report by : साक्षी ऐवाले

अयोध्या के राम मंदिर में 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह के चलते आम श्रद्धालुओं का प्रवेश उस दिन पूरी तरह बंद रहेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि इस दिन केवल आमंत्रित अतिथि और देशभर से आई विशेष टीमें ही मंदिर परिसर में शामिल होंगी।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए रामपथ पर दोनों ओर बैरिकेडिंग की जाएगी और किसी भी अनधिकृत वाहन या व्यक्ति को मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साकेत महाविद्यालय से लता चौक तक फुटपाथ और डिवाइडरों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। रामपथ पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा और श्रद्धालु घर बैठे समारोह का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। शहर में 30 से अधिक स्थानों पर एलईडी टीवी पर कार्यक्रम देखा जा सकेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इससे पहले राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सोमवार को ही अयोध्या पहुंचे और मंच, सुरक्षा घेरा, वीवीआईपी प्रवेश मार्ग, बैठने की व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों का निरीक्षण किया।

समीक्षा बैठक में ट्रस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा एजेंसियों, प्रसारण इकाइयों और ट्रैफिक टीम ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी। नृपेंद्र मिश्र ने वीआईपी प्रवेश द्वार गेट नंबर 11 (आदि शंकराचार्य द्वार) और परकोटा में लगे म्यूरल की प्रगति देखी और 20 नवंबर तक शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव, आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा और अन्य अधिकारी समारोह की तैयारियों में शामिल रहे।

यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण और वीआईपी श्रेणी का है, इसलिए श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे 25 नवंबर को अयोध्या आने से बचें और घर से लाइव प्रसारण के माध्यम से समारोह देखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here