मानसून में प्रकृति और आध्यात्म का अनूठा संगम: गुजरात का चमत्कारी ‘शिवघाट वॉटरफॉल’

डांग के घने और खूबसूरत जंगलों के बीच स्थित शिवघाट वॉटरफॉल (Shivghat Waterfall) बारिश के मौसम में अपनी खूबसूरती से हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देता है.

0
47

गुजरात: अगर आप इस मानसून किसी ऐसी जगह जाने की योजना बना रहे हैं जहां प्रकृति की असीम खूबसूरती के साथ-साथ आध्यात्म की आत्मिक शांति भी मिले, तो गुजरात का रुख जरूर करें. गुजरात के डांग (Dang) जिले में एक ऐसा जादुई स्थान छिपा है, जहां मानसून के आते ही बेहद अलौकिक नजारा देखने को मिलता है. यहां डांग के घने और खूबसूरत जंगलों के बीच स्थित है शिवघाट वॉटरफॉल (Shivghat Waterfall), जो बारिश के मौसम में अपनी खूबसूरती से हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देता है.

गाड़ी रोको और सीधे पहुंच जाओ प्रकृति के करीब

इस वॉटरफॉल की सबसे बड़ी खासियत इसका रोड-साइड होना है. यह आहवा-वाघई रोड (Ahwa-Vaghai Road) पर बिल्कुल सड़क के किनारे ही स्थित है. इसके लिए आपको किसी लंबी ट्रैकिंग या मुश्किल रास्तों से होकर नहीं गुजरना पड़ता. बस अपनी गाड़ी किनारे लगाइए और आप सीधे प्रकृति के इस अद्भुत नजारे के सामने होंगे. मानसून की शुरुआत होते ही यह झरना अपने पूरे शबाब पर आ जाता है और आसपास का नजारा किसी स्वर्ग जैसा दिखने लगता है.

जहां झरना करता है महादेव का प्राकृतिक जलाभिषेक

शिवघाट सिर्फ एक टूरिस्ट स्पॉट नहीं है, बल्कि आस्था का एक बड़ा केंद्र है. इस झरने के ठीक बगल में भगवान महादेव का एक बेहद सुंदर और प्राचीन मंदिर स्थित है. इस जगह की खास बात ये है कि मानसून के दिनों में जब यह झरना पूरे उफान पर होता है, तो इसकी दूधिया लहरें सीधे शिव जी के पास से होकर गुजरती हैं. सावन के पवित्र महीने में ऐसा प्रतीत होता है जैसे स्वयं प्रकृति महादेव का जलाभिषेक कर रही हो. पानी की कल-कल ध्वनि और मंदिर की घंटियां मिलकर यहां के माहौल को बेहद जादुई, शांत और अलौकिक बना देती हैं.

बेहद अटूट है मान्याता

सापुतारा जाने वाले मार्ग से इस वॉटरफॉल तक आसानी से गाड़ी द्वारा पहुंचा जा सकता है. स्थानीय लोगों और डांग के आदिवासियों के बीच इस जगह की मान्यता बेहद अटूट है. माना जाता है कि यह सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक सिद्ध और जाग्रत स्थान है. मान्यताओं के अनुसार, यहां के पत्थरों और गुफाओं में सदियों से ऋषियों, मुनियों और आदिवासियों ने भगवान शिव की कठिन आराधना की है, जिससे यह पूरा क्षेत्र आज भी एक दिव्य और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहता है.

सापुतारा यात्रा का ‘अनिवार्य स्टॉप’

जो भी श्रद्धालु और पर्यटक प्रसिद्ध हिल स्टेशन सापुतारा (Saputara) की यात्रा पर निकलते हैं, वे इस शिवघाट पर रुके बिना आगे नहीं बढ़ते. यहां आकर महादेव का आशीर्वाद लेना और इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरे में कैद करना हर यात्री की यात्रा को पूरा बनाता है. अगर आप भी इस सावन या मानसून में महादेव के इस चमत्कारी रूप के दर्शन करना चाहते हैं और प्रकृति की गोद में कुछ पल सुकून के बिताना चाहते हैं, तो शिवघाट की सैर जरूर करें.

ट्रेवल टिप्स

मानसून में पत्थरों पर फिसलन बढ़ जाती है, इसलिए मंदिर और झरने के करीब जाते समय सावधानी जरूर बरतें.जुलाई से सितंबर का महीना यहां जाने के लिए बेहतर समय है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here