
मीरामार बीच, गोवा | 9 नवंबर 2025 | राष्ट्र टीवी स्पोर्ट्स डेस्क | Ashvin Mishra
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन IRONMAN 70.3 Goa में इस साल एक खास चेहरा सबका ध्यान अपनी ओर खींचा — भारतीय जनता पार्टी के युवा सांसद और BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या।
उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण ट्रायथलॉन इवेंट में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और भारत में इस चुनौती को पूरा करने वाले पहले सांसद बनने का रिकॉर्ड बनाया।
IRONMAN 70.3 प्रतियोगिता में 1.9 किमी तैराकी, 90 किमी साइक्लिंग और 21.1 किमी दौड़ शामिल है,
जिसमें कुल 113 किमी की दूरी तय करनी होती है। तेजस्वी सूर्या ने पिछले चार महीनों में कड़ी ट्रेनिंग के बाद इस चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया।
उन्होंने अपनी तैयारी और अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा:
“यह चुनौती फिटनेस, सहनशक्ति और मानसिक अनुशासन की अंतिम परीक्षा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया अभियान से मुझे प्रेरणा मिली। फिटनेस केवल शरीर की ताकत नहीं, बल्कि मानसिक ऊर्जा और आत्मविश्वास भी देती है। युवाओं को खेल और स्वास्थ्य को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
तेजस्वी सूर्या ने यह भी कहा कि
“फिटनेस एक बेहतर व्यक्ति बनाती है और अनुशासन व आत्मविश्वास बढ़ाती है, जिससे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के अवसर बढ़ते हैं।”
आयोजन स्थल पर युवाओं और स्थानीय लोगों ने तेजस्वी की भागीदारी को प्रेरणादायक बताया।
गोवा के मंत्री गोविंद गावडे और पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने इस इवेंट का उद्घाटन किया, जिसमें इस साल 60 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागी पहली बार भाग ले रहे थे।
तेजस्वी सूर्या ने 2022 में एक रिले टीम के सदस्य के रूप में सिर्फ 90 किमी साइकिलिंग हिस्सा लिया था,
लेकिन इस साल उन्होंने तीनों स्पर्धाओं में सफलतापूर्वक रेस पूरी की।
ओलंपिक तैराक साजन प्रकाश और टीम के साथी सिरीश गोवर्धन (साइकिलिंग) तथा सौम्या राउत (दौड़) ने भी रिले इवेंट में भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी सूर्या के सोशल मीडिया पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा:
“सराहनीय उपलब्धि। मुझे यकीन है कि यह कई युवाओं को फिटनेस संबंधी गतिविधियों के लिए प्रेरित करेगा।”
इस प्रकार तेजस्वी सूर्या ने न सिर्फ खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि युवाओं के लिए स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली का प्रेरक उदाहरण भी पेश किया।



