भारत और अंगोला के बीच साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और दोनो देशों के लोगों की समृद्धि के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

0
137

न्यूज डेस्क, राष्ट्र टीवी, गोवा Report by: अलिशा फर्नांडिस

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कल शाम (8 नवंबर, 2025) अंगोला और बोत्सवाना की अपनी राजकीय यात्रा के पहले चरण में अंगोला के लुआंडा पहुँचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अंगोला की पहली यात्रा है। राष्ट्रपति के साथ इस राजकीय यात्रा पर जल शक्ति और रेल राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना और संसद सदस्य श्री प्रभुभाई नागरभाई वसावा और श्रीमती डी. के. अरुणा भी उपस्थित हैं। लुआंडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन पर, राष्ट्रपति का स्वागत अंगोला के विदेश मंत्री श्री टेटे एंटोनियो ने किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने आज (9 नवंबर, 2025) लुआंडा के राष्ट्रपति भवन में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंको ने राष्ट्रपति मुर्मु का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। दोनों नेताओं ने आमने-सामने की मुलाकात और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक मुद्दों पर चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और अंगोला के बीच साझेदारी आपसी विश्वास, सम्मान और दोनो देशों के लोगों की समृद्धि के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है। उन्होंने अंगोला के विकास के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की, जिनका उद्देश्य अपने देश के लोगों की प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करना है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने दोनों देशों के बीच फलती-फूलती ऊर्जा व्यापार साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि अंगोला भारत की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दोनों नेताओं ने प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, रक्षा, बुनियादी ढाँचे और दोनो देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित नए और उभरते क्षेत्रों में व्यापार और निवेश संबंधों को और विविधतापूर्ण बनाने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने विभिन्न द्विपक्षीय क्षेत्रों के साथ-साथ भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन के व्यापक ढाँचे के अंतर्गत सहयोग को मज़बूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर भी सहमति व्यक्त की।

इस अवसर पर मत्स्य पालन, जलीय कृषि और समुद्री संसाधनों में सहयोग तथा वाणिज्य दूतावास संबंधी मामलों में सहयोग पर समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन (जीबीए) में शामिल होने के अंगोला के निर्णय का स्वागत किया।

दोनों देशों के राष्ट्रपति ने संवाददाता सम्मेलन में संयुक्त वक्तव्य जारी कया। (राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा दिए गए प्रेस वक्तव्य का पाठ संलग्न है)।

बाद में, अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंको ने लुआंडा के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सम्मान में एक भोज का आयोजन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here