
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नया राजनीतिक समीकरण तैयार किया है। दोनों नेताओं ने साथ आकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। इस नए गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कल लखनऊ में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी। दोपहर 12 बजे दयाल पैराडाइस होटल में होने वाले इस कार्यक्रम में गठबंधन के नाम का भी खुलासा होगा। चर्चा है कि दोनों दल करीब 150 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की रणनीति बना रहे हैं।
लखनऊ से होगा नए गठबंधन का आगाज
उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए मोर्चे को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में बताई जा रही हैं। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद कल एक मंच पर नजर आएंगे। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दोनों नेता गठबंधन का नाम, उसकी रूपरेखा और चुनावी इरादों का खुलासा कर सकते हैं। इस ऐलान के बाद यूपी की चुनावी राजनीति में तीसरे मोर्चे की भूमिका को लेकर चर्चाएं और तेज होने की संभावना है।
मुस्लिम बहुल सीटों पर AIMIM की रणनीति
असदुद्दीन ओवैसी उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय हैं। उनकी नजर खासतौर पर 40 से 45 मुस्लिम बहुल विधानसभा सीटों पर बताई जा रही है। इससे पहले उन्होंने बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की कोशिश की थी। लेकिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से साथ आने को लेकर सकारात्मक रुख नहीं मिलने के बाद AIMIM ने अपना अलग राजनीतिक रास्ता चुना।
बिहार मॉडल को यूपी में आजमाने की तैयारी
AIMIM को बिहार में मिली पांच सीटों की सफलता ने उत्तर प्रदेश में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जगाई है। बिहार में महागठबंधन के साथ सीटों का तालमेल नहीं बैठने के बाद पार्टी ने अलग चुनाव लड़ा था और सीमांचल क्षेत्र में पांच सीटों पर जीत हासिल की थी।
हालांकि, उत्तर प्रदेश में AIMIM के सामने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की बड़ी चुनौती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को यहां अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन को पार्टी अपनी चुनावी ताकत बढ़ाने के एक नए अवसर के तौर पर देख सकती है।
चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से बदलेगा सियासी गणित?
चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति के प्रमुख चेहरों में अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं। वहीं, प्रदेश में दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी भी लगातार प्रयास कर रही हैं।
ऐसे में AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश कर सकता है। दोनों दलों की ताकत एक साथ आने से प्रदेश के कुछ चुनावी क्षेत्रों में मुकाबले का समीकरण प्रभावित होने की संभावना है।
सपा के सामने बढ़ सकती है नई चुनौती
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक मानी जाती है। पश्चिमी यूपी, रोहिलखंड, अवध और पूर्वांचल के अलग-अलग हिस्सों में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया गठबंधन समाजवादी पार्टी के लिए भी राजनीतिक चुनौती बन सकता है।
हालांकि, गठबंधन की असली ताकत सीटों पर उम्मीदवारों के चयन, स्थानीय समीकरण और चुनावी अभियान के दौरान ही सामने आएगी। फिलहाल राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी यूपी में तीसरे मोर्चे को मजबूत विकल्प बना पाएगी?



