नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में छाई जहरीली धुंध और दमघोंटू हवा पर सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को सुनवाई की. सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने दिल्ली की मौजूदा स्थिति पर बेहद तीखा तंज कसा.मामले की सुनवाई शुरू होते ही सीजेआई सूर्यकांत ने मजाकिया लेकिन तंजिया लहजे में कहा, “हमें उम्मीद है कि आप सभी दिल्ली-एनसीआर के इस शानदार मौसम का पूरा आनंद ले रहे होंगे.
“रोज 30 सिगरेट पीने जैसी है दिल्ली की हवा”
अदालत की इस टिप्पणी पर वरिष्ठ अधिवक्ता और मामले में अमिकस क्यूरी (Amicus Curiae) अपराजिता सिंह ने दिल्ली की जमीनी हकीकत कोर्ट के सामने रखी. उन्होंने बेहद चिंता जताते हुए कहा, साहब, दिल्ली की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि हमारी आवाज तक बैठ रही है. यहां सांस लेना प्रतिदिन 30 सिगरेट पीने के बराबर है. उन्होंने कोर्ट को बताया कि 5 नवंबर को प्रदूषण में पराली के धुएं का योगदान 14 फीसदी तक पहुंच गया था. दिल्ली की हवा पहले से ही खराब थी, लेकिन पराली और वाहनों से निकलने वाले धुएं (Transport Pollution) ने स्थिति को गंभीर (Severe) श्रेणी में पहुंचा दिया है.
CJI का बड़ा बयान: गरीब नहीं, खर्च उठाने वाले लोग फैलाते हैं प्रदूषण
त्योहारों के मौसम में बढ़ने वाले प्रदूषण पर बात करते हुए चीफ जस्टिस ने एक बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी की. उन्होंने प्रदूषण के लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को जिम्मेदार ठहराने की मानसिकता को पूरी तरह खारिज कर दिया. सीजेआई ने कहा- गरीब तबका प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं है, बल्कि वे तो खुद इस जहरीली हवा के सबसे बड़े शिकार बनते हैं. हकीकत यह है कि प्रदूषण वो लोग फैलाते हैं जो इसका भारी-भरकम खर्च उठा सकते हैं और जिनके पास इसके साधन हैं. अदालत ने यह भी याद दिलाया कि दिवाली जैसे त्योहारों पर कई गरीब परिवारों की मौसमी आजीविका टिकी होती है, इसलिए उनके हितों का ध्यान रखना भी जरूरी है.
“त्योहारों के व्यावसायीकरण पर लगे रोक”
सुप्रीम कोर्ट ने माना कि प्रदूषण से निपटने के लिए केवल कागजी पाबंदियां या अदालती आदेश काफी नहीं हैं. कोर्ट ने कहा, “हम जितने ज्यादा प्रतिबंध लगाएंगे, नियमों के उल्लंघन के मामले उतने ही ज्यादा सामने आएंगे.” बेंच ने जोर देकर कहा कि इसके लिए जनता के व्यवहार में बदलाव और जमीनी जागरूकता की जरूरत है. मुख्य न्यायाधीश ने सवाल उठाया कि हम त्योहारों को मनाने के लिए अपनी पुरानी और ईको-फ्रेंडली परंपराओं की तरफ वापस क्यों नहीं लौटते? पीठ में शामिल न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने कहा कि आज प्रदूषण की एक बड़ी वजह त्योहारों का अत्यधिक व्यावसायीकरण (Commercialization) हो जाना भी है.गौरतलब है कि दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 450 के पार जा चुका है. कोर्ट ने साफ किया कि पराली जलाने की समस्या, स्थानीय कचरा प्रबंधन और यातायात नियंत्रण पर अब युद्ध स्तर पर काम करने की आवश्यकता है.




