पटना में तीन शूटरों के एनकाउंटर के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़-पत्थरबाजी, पुलिस का लाठीचार्ज

0
73
पटना में तीन शूटरों के एनकाउंटर के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़-पत्थरबाजी, पुलिस का लाठीचार्ज
पटना में तीन शूटरों के एनकाउंटर के बाद बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़-पत्थरबाजी, पुलिस का लाठीचार्ज
संवादाता संजय कुमार
रिपोर्ट: संजय कुमार, पटना

पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर में पुलिस मुठभेड़ में तीन कथित शूटरों की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। दानापुर अनुमंडल अस्पताल में मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की गई, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। करीब पांच घंटे तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पटना एसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, अपराधियों ने पुलिस टीम पर 24 राउंड फायरिंग की। करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजा शर्मा, बबलू कुमार यादव और जेपी यादव घायल हो गए। तीनों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि तीनों पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर हत्या की वारदातों को अंजाम देते थे। हालांकि, मुठभेड़ के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

तीनों के शव दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचते ही करीब 200 से 300 लोग वहां जमा हो गए। परिजनों ने पुलिस के खिलाफ विरोध जताया। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अस्पताल परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल में करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई।

हंगामे के दौरान पुलिस ने मृतक जेपी यादव के भाई को हिरासत में लिया, हालांकि कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
मुठभेड़ के करीब 10 घंटे बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजने की तैयारी की गई। इसी दौरान पोस्टमार्टम टीम के साथ एम्स जा रहे परिजनों के बीच एक व्यक्ति द्वारा टीम पर हमला किए जाने की बात भी सामने आई। दानापुर एसपी अजीत कुमार ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम पटना एम्स में डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में कराया जाएगा। इस दौरान मृतकों के परिजन भी मौजूद रहेंगे।

तीन आरोपियों की मौत के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राजद सांसद मीसा भारती ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जाति के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया। मीसा भारती ने ये भी कहा कि अपराधी किसी भी दल, नेता या आम व्यक्ति से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी को पकड़कर सीधे एनकाउंटर कर देना उचित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री की जातिसूचक टिप्पणियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ऐसी बातें प्रशासनिक कार्रवाई में किसी समुदाय के प्रति नफरत पैदा कर सकती हैं।

फिलहाल पटना में हुए इस एनकाउंटर के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इसे अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रही है, जबकि मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग मुठभेड़ की परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here