पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव, ग्लोबल एजुकेशन हब बनाने का लक्ष्य: CM मान

0
14

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिक्षक दिवस के अवसर पर मोहाली में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने 50 शिक्षकों को सम्मानित किया, और कहा कि पंजाब को वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सुधारों के तहत सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। उनके मुताबिक, शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण देने, ‘स्कूल्स ऑफ एमिनेंस’ विकसित करने, स्कूलों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं।

50 शिक्षकों को राज्य पुरस्कार

शिक्षक दिवस समारोह में कुल 50 शिक्षकों को स्टेट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इनमें 21 प्राथमिक और 29 माध्यमिक शिक्षक शामिल रहे। इसके अलावा 10 शिक्षकों को ‘यंग टीचर अवॉर्ड’, 4 को विशेष शिक्षक पुरस्कार और 6 शिक्षकों को प्रशासनिक पुरस्कार दिए गए। शिक्षा मंत्री द्वारा नामित 5 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री मान ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण पंजाब के भविष्य की नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को केवल एक विभाग नहीं बल्कि राज्य के सामाजिक और आर्थिक बदलाव का महत्वपूर्ण आधार मानती है।

विदेशों में शिक्षकों को प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पंजाब के शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया गया है। 234 प्रिंसिपलों और शिक्षा अधिकारियों को सिंगापुर में, 152 हेडमास्टरों को आईआईएम अहमदाबाद में और 144 प्राथमिक शिक्षकों को फिनलैंड की तुर्कू यूनिवर्सिटी में प्रशिक्षण मिला। CM मान ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है, ताकि पंजाब के विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।

मुख्यमंत्री ने 118 स्कूल्स ऑफ एमिनेंस पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 88.67 करोड़ रुपये की लागत से 118 ‘स्कूल्स ऑफ एमिनेंस’ को आधुनिक बुनियादी ढांचे से विकसित किया गया है। इसके अलावा स्कूलों में कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और शौचालयों के सुधार के लिए 488.67 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 16,348 स्कूलों में वाई-फाई कनेक्शन लगाए जाने की भी जानकारी दी गई। CM मान ने कहा कि स्कूलों में सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 211.58 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत कैंपस मैनेजर, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों की तैनाती की गई है।

16 लाख विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सरकारी स्कूलों में करीब 16 लाख विद्यार्थियों को पोषण योजना के तहत पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here