पंजाब: अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देते हुए, पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार आने वाले महीनों में राज्यभर में एक विशेष सांस्कृतिक अभियान शुरू करने जा रही है. इसके तहत अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान पूरे पंजाब में प्रसिद्ध हिंदी नाटक हमारे राम की भव्य और व्यापक प्रस्तुतियां दी जाएंगी.
विभिन्न शहरों में आयोजित होंगे 41 विशेष शो
पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने एक प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि राज्य सरकार ने समकालीन नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की बड़ी योजना बनाई है. इस नाटक के जरिए कुल 41 प्रस्तुतियां पूरे पंजाब के अलग-अलग शहरों और शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें लाइट एंड साउंड के अत्याधुनिक प्रबंध किए जाएंगे. नाटक के मंचन का मुख्य शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:
- मोहाली: 7 और 8 अगस्त (एमिटी यूनिवर्सिटी)
- बठिंडा: 9 और 24 अगस्त (बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम)
- जालंधर: 28 और 29 अगस्त (सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस)
- फिरोजपुर: 30 अगस्त (जेनेसिस इंस्टीट्यूट)
- होशियारपुर: 4 और 5 सितंबर (कैंब्रिज स्कूल)
- गुरदासपुर: 6 और 11 सितंबर (सुखजिंद्रा कॉलेज)
- पठानकोट: 12 और 13 सितंबर (दीन दयाल ऑडिटोरियम)
- अमृतसर: 16 और 17 सितंबर (जी.एन.डी.यू. कैंपस)
- पटियाला: 18 और 19 सितंबर (पंजियाबी यूनिवर्सिटी कैंपस)
- खन्ना: 20 सितंबर
- लुधियाना: 25 और 26 सितंबर (मनमोहन सिंह ऑडिटोरियम)
- संगरूर: 27 सितंबर (एस.एल.आई.ई.टी. लोंगोवाल)
प्रसिद्ध कलाकार निभाएंगे मुख्य भूमिकाएं
फेलिसिटी थिएटर द्वारा निर्मित यह नाटक अपनी भव्यता और अनूठे दृष्टिकोण के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है. इस मेगा स्टेज शो में मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि भगवान राम का किरदार राहुल आर. भूचर निभा रहे हैं. यह नाटक पारंपरिक मंचन से हटकर माता सीता के वियोग, लव-कुश द्वारा भगवान राम का सामना करने और सूर्य देवता के दृष्टिकोण से रामायण की एक नई और आधुनिक व्याख्या प्रस्तुत करता है.
युवाओं में सांस्कृतिक मूल्यों का संचार
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी में भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक विरासत को मजबूत करने के लिए की जा रही है. आधुनिक तकनीक, संगीत और विजुअल इफेक्ट्स से लैस यह प्रस्तुति समाज के हर वर्ग के दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी. पंजाब हेरिटेज एवं पर्यटन प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली ने भी राज्य की जनता से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस भव्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन के साक्षी बनें.




