‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ से 33 लाख से अधिक महिलाओं को सीधी आर्थिक मदद, परिवारों का खर्च संभालने में बनी सहारा।

0
13

पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री मांवां-धियां सत्कार योजना’ के तहत 25 जून 2026 तक रजिस्ट्रेशन पूरा करने वाली 33 लाख से अधिक महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता भेजी जा चुकी है, जबकि शेष पात्र महिलाओं को 1 अगस्त को राशि मिलने की बात कही गई है। सरकार के मुताबिक अब तक करीब 70 लाख से अधिक महिलाओं ने योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। लाभार्थियों में 36 से 45 वर्ष की महिलाओं की हिस्सेदारी 25.2 प्रतिशत और 46 से 59 वर्ष की महिलाओं की हिस्सेदारी 25.4 प्रतिशत है, यानी आधे से ज्यादा लाभार्थी 36 से 59 वर्ष की आयु वर्ग में हैं। बढ़ते घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, विवाह और अन्य पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच यह सहायता महिलाओं को परिवार के खर्च में सीधे योगदान देने में मदद कर रही है।

योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं के अनुभव भी सामने आए हैं। फाजिल्का की सुनीता रानी ने बताया कि उन्होंने सहायता राशि का इस्तेमाल अपने बेटे की स्कूल फीस भरने में किया, जबकि फिरोजपुर की पच्छो ने अपनी दवा और नाती की स्कूल फीस पर राशि खर्च की। सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी करमजीत कौर ने बताया कि उन्होंने पैसे से चश्मा बनवाया और स्कूटी में पेट्रोल डलवाया, जबकि आगे वह अपने राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी बेटे के खेल संबंधी खर्चों में इसका इस्तेमाल करेंगी। फाजिल्का की प्रीति ने बताया कि सहायता से बच्चों की स्कूल फीस भरने में मदद मिली, वहीं विधवा बलजीत कौर ने इसे अपने चिकित्सा खर्चों के लिए उपयोगी बताया। लाभार्थियों के मुताबिक, योजना से मिली सीधी आर्थिक सहायता घरेलू जरूरतों, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी खर्चों का बोझ कम करने में मदद कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here