जंतर-मंतर घटना पर राहुल गांधी के सवाल: रिजिजू बोले— गृह मंत्री अमित शाह संसद में देंगे जवाब

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस मामले पर संसद में पूरी जानकारी देंगे. हालांकि, उन्होंने शर्त रखी कि विपक्ष को हंगामा करने के बजाय गृह मंत्री का जवाब शांतिपूर्वक सुनना होगा और चर्चा से पीछे नहीं हटना होगा.

0
48

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद से लेकर सड़क तक राजनीति गरमाई हुई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाते हुए सवाल किया कि लाठीचार्ज का आदेश किस अधिकारी या मंत्री ने दिया था. राहुल गांधी ने मांग की कि इस घटना की जवाबदेही तय होनी चाहिए और गृह मंत्री को खुद सदन में आकर इस पर बयान देना चाहिए. विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस मामले पर संसद में पूरी जानकारी देंगे. हालांकि, उन्होंने शर्त रखी कि विपक्ष को हंगामा करने के बजाय गृह मंत्री का जवाब शांतिपूर्वक सुनना होगा और चर्चा से पीछे नहीं हटना होगा. लेकिन शाह कब बोलेंगे, इसपर अभी भी सस्पेंश बना हुआ है.

संसद परिसर के बाहर विपक्ष का अनूठा प्रदर्शन

गृह मंत्री से जवाब की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के बाहर जोरदार विरोध जताया. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी हाथ में एक पोस्टर लेकर पहुंचीं, जिसमें गृह मंत्री की संसद से अनुपस्थिति के दिनों का ब्योरा दिया गया था. कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी मोदिया बिंद लिखा हुआ चश्मा पहनकर संसद परिसर में नजर आईं.

संसद की कार्यवाही के 3 बड़े घटनाक्रम

कांग्रेस ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को सदन में अनिवार्य उपस्थिति बनाए रखने के लिए 3-दिवसीय व्हिप जारी किया है. सदन में घमासान के बीच लोकसभा में ‘ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल 2026’ और ‘माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन अमेंडमेंट बिल 2026’ समेत चार अहम विधेयक पेश किए गए. ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल 2026 को बिना विस्तृत चर्चा के लोकसभा से मंजूरी मिल गई, जिसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई. इसके अलावा संसद ने टैक्सेशन एवं अन्य कानून (संशोधन) विधेयक 2026 को हरी झंडी दे दी है. इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्पष्ट किया कि UPI ट्रांजैक्शन पर किसी भी तरह का टैक्स या चार्ज नहीं लगेगा और यह सेवा पूरी तरह मुफ्त रहेगी. इधर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को छात्र आंदोलन के साथ-साथ अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भी जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है और गृह मंत्री को इस पर स्थिति साफ करनी चाहिए.

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here