CJP Protest: जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पुलिस पर पथराव का दावा; 5 पुलिसकर्मी घायल

0
32
CJP Protest: जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पुलिस पर पथराव का दावा; 5 पुलिसकर्मी घायल
CJP Protest: जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पुलिस पर पथराव का दावा; 5 पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन के दौरान बुधवार को हिंसा भड़कने का दावा किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों का एक समूह टॉलस्टॉय मार्ग पहुंच गया, जहां पुलिस और RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) की टीम पर पथराव किया गया। इस घटना में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत समेत कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं पुलिस के अनुसार, टॉलस्टॉय मार्ग पर RAF और दिल्ली पुलिस की टीम रोजाना की तरह सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थी। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर बड़े-बड़े पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में डंडे भी थे, जिनका इस्तेमाल पुलिस पर हमला करने के लिए किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए RAF ने हल्का बल प्रयोग किया, जबकि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 2 से 3 आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया।

ACP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिनभर हुई हिंसा में कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें दो ACP, दो इंस्पेक्टर और एक पुलिस जवान शामिल हैं। घायलों में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत का नाम भी शामिल है। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने तलवारें और खुखरी लहराईं। वहीं, बुधवार शाम एक पुलिसकर्मी को भीड़ ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस का कहना है कि भीड़ पुलिसकर्मी को लिंच करने की कोशिश कर रही थी और इस दौरान गाली-गलौज कर लोगों को उकसाया जा रहा था।

हिंसा की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

हालांकि, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव क्यों किया गया और हिंसा कैसे शुरू हुई, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस पर प्रदर्शनकारियों की ओर से भी कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन

NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में नए प्रदर्शनकारी दिल्ली पहुंचे। कई लोग बस और ट्रेन से रातभर का सफर तय कर धरना स्थल पहुंचे।’चलो संसद’ मार्च के दो दिन बाद भी प्रदर्शन में लोगों की भागीदारी बढ़ती रही। वॉलंटियर्स नए प्रदर्शनकारियों को बैठने की व्यवस्था करा रहे थे और उन्हें पानी व भोजन के पैकेट वितरित किए जा रहे थे।

धरना स्थल पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने बच्चे, कॉलेज छात्र, नौकरीपेशा लोग और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कुछ लोग मंच से दिए जा रहे भाषण सुन रहे थे, जबकि कई प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड्स के पास नारेबाजी करते हुए हाथों में प्लेकार्ड लेकर खड़े दिखाई दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here