रथयात्रा 2026: क्या आप जानते हैं ब्रह्मांड के अधिपति क्यों जाते हैं अपनी मौसी के घर? जानिए गुंडीचा मंदिर का रहस्य

ब्रह्मांड के स्वामी श्री जगन्नाथ महाप्रभु साल में एक बार अपनी अर्धांगिनी देवी महालक्ष्मी को बिना बताए, अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसी के घर यानी गुंडीचा मंदिर की यात्रा पर निकलते हैं. लेकिन क्या यह केवल एक पारिवारिक यात्रा है? इसके पीछे मोक्ष का वो कौन सा रहस्य छिपा है, जिसे जानने के लिए देवता भी तरसते हैं?

0
131

सनातन धर्म में रथयात्रा का विशेष महत्व है. ब्रह्मांड के स्वामी श्री जगन्नाथ महाप्रभु साल में एक बार अपनी अर्धांगिनी देवी महालक्ष्मी को बिना बताए, अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसी के घर यानी गुंडीचा मंदिर की यात्रा पर निकलते हैं. साल 2026 में यह भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को मनाई जाएगी. लेकिन क्या यह केवल एक पारिवारिक यात्रा है? इसके पीछे मोक्ष का वो कौन सा रहस्य छिपा है, जिसे जानने के लिए देवता भी तरसते हैं?

क्यों खास है गुंडीचा मंदिर?

पुरी का श्रीमंदिर बैकुंठ धाम माना जाता है, लेकिन रथयात्रा के दौरान प्रभु स्वयं इस धाम को छोड़कर तीन विशाल रथों पर सवार होकर गुंडीचा मंदिर जाते हैं. शास्त्रों के अनुसार, यही वो यज्ञवेदी या जन्मवेदी है, जहां देव शिल्पी विश्वकर्मा ने नीम की लकड़ी से महाप्रभु के विग्रहों का निर्माण किया था. मान्यता है कि राजा इंद्रद्युम्न की रानी गुंडीचा की भक्ति से प्रसन्न होकर प्रभु ने उन्हें अपनी मौसी का दर्जा दिया था और हर साल वहां आने का वचन दिया था.

गुंडीचा मंदिर और मौसी मां मंदिर का अंतर

श्रद्धालुओं के बीच अक्सर यह भ्रम रहता है कि गुंडीचा मंदिर और मौसी मां मंदिर एक ही हैं, लेकिन ये दोनों पूरी तरह अलग हैं. गुंडीचा मंदिर बड़ा डंडा (Grand Road) के उत्तरी छोर पर स्थित है. रथयात्रा के दौरान प्रभु यहां पूरे 9 दिनों तक निवास करते हैं. यहां भगवान को विशेष आड़प महाप्रसाद अर्पित किया जाता है. वहीं मौसी मां मंदिर बड़ा डंडा के ठीक बीच में स्थित है. यहां प्रभु का रथ केवल वापसी यात्रा के दौरान रुकता है, जहां देवी अर्धशिनी प्रभु का स्वागत ‘पोड़ा पीठा’ खिलाकर करती हैं.

आड़प दर्शन: सौ जन्मों के पापों का नाश

वैष्णव दर्शन में गुंडीचा मंदिर के गर्भगृह में होने वाले दर्शन को आड़प दर्शन कहा जाता है. स्कंद पुराण के अनुसार, जो पुण्य फल श्रीमंदिर में दस वर्षों तक निरंतर दर्शन से मिलता है, वह आड़प मंडप पर केवल एक बार दर्शन करने से मिल जाता है. पुराणों में संध्या दर्शन की महिमा का बखान करते हुए लिखा गया है कि दिन की तुलना में नवमी की संध्या को किए गए दर्शन का फल दस गुना अधिक होता है.

मंदिर की सफाई और चैतन्य महाप्रभु की लीला

रथयात्रा से एक दिन पहले गुंडिचा मार्जन (मंदिर की सफाई) की जाती है. लगभग 500 वर्ष पूर्व स्वयं चैतन्य महाप्रभु ने अपने आंसुओं और संन्यास वस्त्र से इस मंदिर को साफ किया था. यह इस बात का प्रतीक है कि जब तक हमारा हृदय रूपी मंदिर काम-क्रोध की धूल से मुक्त नहीं होगा, तब तक परमात्मा हमारे भीतर विराजमान नहीं हो सकते.

समरसता का प्रतीक रथयात्रा

गुंडीचा मंदिर केवल वास्तुकला की मिसाल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की उस समरसता का प्रतीक है जहां जाति, संप्रदाय और ऊंच-नीच का भेद मिट जाता है. यहां साक्षात ब्रह्मांड का स्वामी गर्भगृह से निकलकर भक्तों के बीच कतार में खड़ा नजर आता है. यदि आप भी जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति और अलौकिक आनंद का अनुभव करना चाहते हैं, तो जीवन में एक बार पुरी की इस पावन रथयात्रा और आड़प दर्शन का सौभाग्य अवश्य प्राप्त करें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here