न्यूज डेस्क, राष्ट्र टीवी, गोवा Published by: अक्षय ठाकुर- एडिटर आउटपुट
सार: दिल्ली ब्लास्ट की जांच में कश्मीर, फरीदाबाद, लखनऊ और दिल्ली का आतंकी नेटवर्क सामने आया है। फरीदाबाद से अमोनियम नाइट्रेट, हथियार और टाइमर की बरामदगी के साथ गिरफ्तार डॉक्टर मुजम्मिल और शाहीन शाहिद के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ाव के सबूत मिलते बताए जा रहे हैं। डॉक्टर आदिल पहले ही पकड़ा जा चुका है । जबकि डॉ. उमर इसका मुखिया बताया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने खुफिया विभाग के अधिकारियों की एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई है।

विस्तार:
राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर की शाम एक बार फिर दहशत फैल गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ठीक शाम 6 बजकर 52 मिनट पर जोरदार कार ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास की जमीन कांप गई और पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हुए। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक 8 शवों में से केवल 6 पुरुषों की पहचान हो सकी है। बाकी 3 शव अभी भी अज्ञात हैं। धमाके में कुछ शव के हिस्से भी बिखर गए, जिन्हें पहचानना मुश्किल है। डीएनए और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाकी लोगों की पहचान संभव होगी। जांच में सामने आया है कि जिस हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, वो घटना से पहले सुनहरी मस्जिद के पास पार्किंग में लगभग 3 घंटे तक खड़ी थी। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि यहीं पर कार में विस्फोटक लगाया गया हो। चश्मदीदों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि पास खड़ी 5-6 गाड़ियां चकनाचूर हो गईं और दुकानों के शीशे टूट गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इको वैन के पास अचानक विस्फोट हुआ, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे। धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। एनआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और सैंपल इकट्ठा किए। इस धमाके के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने फौरन खूफिया विभाग के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई, इसके साथही अमित शाह घायलों की स्थिति जानने LNJP अस्पताल पहुंचे साथही घटनास्थल का दौरा भी किया। गृहमंत्री अमित शाह लगातार अधिकारियों के संपर्क में बने हुए हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी पल-पल की अपडेट दी जा रही है। आज सुबह 11 बजे गृह मंत्री ने उच्चाधिकारियों की एक बैठक बुलाई है, जिसमें खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली पुलिस कमिश्नर और जम्मू-कश्मीर के डीजीपी भी जुड़ेंगे। जानकारी के मुताबिक धमाके से ठीक पहले सोमवार सुबह जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 2,900 किलो विस्फोटक बनाने वाला केमिकल, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। यो बरामदगी जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसर गजवात-उल-हिंद (AGuH) से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क की थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इसी बरामद सामग्री का कुछ हिस्सा दिल्ली पहुंचा और उसी का इस्तेमाल इस धमाके में किया गया। इस कड़ी से अब यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इस धमाके के बाद देश के कई राज्यों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दिल्ली, हरियाणा, यूपी और महाराष्ट्र के साथ कई राज्यों में हाई अलर्ट है। प्रमुख स्थआनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके साथ ही लोगों को सतरेक रहने की चेतावनी भी दी गई है और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।




