‘फुस्स है राहुल गांधी का हाईड्रोजन बम’, वोट चोरी के आरोपों पर BJP का ज़ोरदार प्रहार, राहुल गांधी को विदेश से मिलती है प्रेरणा- रिजिजू

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर बीजेपी ने तीखा प्रहार किया है। बीजेपी नेता और केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को अपने रडार पर लेते हुए आरोप लगाया है कि राहुल गांधी विदेश भ्रमण पर ज्यादा रहते हैं और वहां से उन्हें जो प्रेरणा मिलती है। उसे लेकर वो आपका समय बर्बाद करते हैं। राहुल गांधी बार-बार हाइड्रोजन बम की बात करते हैं लेकिन हर बार उनका ये बम फुस्स हो जाता है। बीजेपी की ओर से कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी जान बूझकर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

0
83

राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर बीजेपी ने ज़ोरदार प्रहार किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ज्यादातर विदेश भ्रमण पर रहते हैं और उन्हें वहां से जो प्रेरणा मिलती है, उसे लेकर वो लोगों का समय ज़ाया करते हैं। बीजेपी नेता और केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चुनाव के दौरान राहुल गांधी विदेश घूमने चले जाते हैं, तो फिर जीतेंगे कहां से। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए रिजिजू ने कहा कि बिहार में मतदान है और ये हरियाणा चुनाव की बात कर रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि हरियाणा चुनाव में 25 लाख फर्जी वोटर पंजीकृत थे। राहुल गांधी ने कहा कि इस हिसाब से हरियाणा में हर आठ मतदाता में एक वोटर फर्जी था। राहुल गांधी ने हरियाणा में बीजेपी पर जनादेश को चुराने का आरोप लगाया है।

संवैधानिक संस्था की साख पर चोट पहुंचाने की कोशिश

राहुल गांधी के इन गंभीर आरोपों पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता किरेन रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की साख पर चोट पहुंचाने की कोशिश की, ये ठीक नहीं है। इसके साथही रिजिजू ने कहा कि पिछले संसद सत्र में राहुल गांधी एक महिला की तस्वीर टीशर्ट पर छपवाकर घूमते रहे। उस महिला ने ही कांग्रेस पार्टी को फटकार लगाई थी। अब जब बिहार में चुनाव हो रहा है, तो वो हरियाणा चुनाव का मुद्दा उठा रहे हैं। संसद सत्र के दौरान राहुल गांधी चुपके से कंबोडिया निकल जाते हैं, थाईलैंड निकल जाते हैं। बिहार में चुनाव प्रचार चल रहा है तो वो कोलंबिया चले गए। वो विदेश जाते रहते हैं और विदेश से जो प्रेरणा मिलती है। उसे लेकर वो आपका समय बर्बाद करते हैं। किरेन रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को तथ्यों पर बात करनी चाहिए और फिजूल जमाखर्ची नहीं करनी चाहिए।

राहुल गांधी का हाईड्रोजन बम फुस्स

इसके साथही किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने एग्जिट पोल में जीत का दावा किया, लेकिन 2004 के चुनाव में हम भी एग्जिट पोल में जीत रहे थे, लेकिन हमने तो उसका रोना कभी नहीं रोया, एग्जिट पोल को कभी गाली नहीं दी। जब राहुल गांधी के पक्ष में एग्जिट पोल जाते हैं, तो वो अच्छा बताते हैं और जब विरोध में जाता है, तो गालियां देते हैं। राहुल गांधी बार-बार ये दावा करते हैं कि इस बार उनका हाइड्रोजन बम फटेगा, लेकिन इनका हाईड्रोजन बम हमेशा फुस्स हो जाता है।

कांग्रेस के नेता ही राहुल गांधी से परेशान

हरियाणा का ज़िक्र करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के एक नेता ने पार्टी से इस्तीफा दिया, उन्होंने आरोप लगाए कि कांग्रेस पार्टी का हरियाणा में तालमेल ही नहीं है तो वे कैसे जीत सकते हैं? यहां राहुल गांधी चुनाव आयोग को गालियां दे रहे हैं। अगर वो इस तरह से बात करेंगे तो उन पर कौन विश्वास करेगा। कांग्रेस के नेता ही कह रहे हैं कि जब तक राहुल गांधी नेता रहेंगे तब तक कांग्रेस पार्टी नहीं जीत सकती।

बीजेपी के पास अनुशासन के साथ काडर की ताकत

इसके साथही किरेन रिजिजू ने कहा कि बीजेपी के पास अनुशासन के साथ काडर की ताकत है। हम 24 घंटे दौड़ते हैं, यही बीजेपी की व्यवस्था है और इसी के दम पर हम चुनाव जीतते हैं। मतदाता सूची सभी के पास होती है, चुनाव आयोग की वेबसाइट पर होती है। सूची में अगर कोई गड़बड़ी है, तो उसे हटाने के लिए प्रक्रिया भी मौजूद है। एसआईआर भी मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए हो रहा है। जिन लोगों के नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से कट रहे हैं, वो शिकायत नहीं कर रहे हैं लेकिन राहुल गांधी घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

Published by: अक्षय ठाकुर- एडिटर आउटपुट


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here