परिसीमन बिल: NDA के सामने दो-तिहाई बहुमत की चुनौती, विपक्ष की एकजुटता पर नजरें

0
25

30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधायी प्रस्तावों पर चर्चा होगी। लेकिन सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराना है। कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी ने विरोध का ऐलान किया है, जबकि DMK और शरद पवार की NCP (SP) ने अभी अंतिम फैसला नहीं किया है। ऐसे में सरकार को सिर्फ समर्थन जुटाने ही नहीं, बल्कि मतदान के दौरान सदन में सांसदों की मौजूदगी का गणित भी साधना होगा।

परिसीमन बिल पर NDA के सामने दो-तिहाई बहुमत की चुनौती, 40 वोटों का गणित कैसे साधेगी सरकार?

30 नवंबर से संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर चर्चा होगी। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी ने बिल के विरोध का ऐलान किया है। दूसरी ओर, शरद पवार की NCP (SP) ने 50 फीसदी समान सीट वृद्धि की शर्त पर समर्थन का संकेत दिया है, जबकि DMK ने समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। लोकसभा में NDA के पास करीब 320 सांसद हैं, जबकि सभी 540 मौजूदा सदस्यों के मतदान करने पर संविधान संशोधन विधेयक के लिए 360 वोट चाहिए होंगे। ऐसे में सवाल है कि क्या सरकार इस बार जरूरी बहुमत जुटा पाएगी?

तीन विधेयकों का पैकेज, लेकिन असली परीक्षा संविधान संशोधन की

परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर संसद में तीन अलग-अलग विधेयकों की चर्चा है।

  • संविधान संशोधन विधेयक: लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण को 2026-27 की जनगणना पूरी होने की शर्त से अलग करने से जुड़े प्रावधान।
  • परिसीमन आयोग विधेयक: लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के लिए परिसीमन आयोग के गठन और उसकी प्रक्रिया का प्रावधान।
  • केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक: दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में परिसीमन से संबंधित कानूनी बदलाव।

अप्रैल 2026 में ये तीनों विधेयक लोकसभा में पेश किए गए थे, लेकिन वोटिंग केवल संविधान संशोधन विधेयक पर हुई थी। जरूरी विशेष बहुमत नहीं मिलने के कारण वह पारित नहीं हो सका। अब सरकार उसी संवैधानिक बदलाव को नए सिरे से संसद में लाने की तैयारी में है। बाकी दोनों विधेयकों की आगे की प्रक्रिया भी इसी संवैधानिक आधार पर निर्भर करेगी

क्या है सरकार का नया फॉर्मूला?

सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का फॉर्मूला शामिल किए जाने की चर्चा है। इसके तहत सभी राज्यों में सीटों की संख्या समान अनुपात में बढ़ाने और राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है।

इसका उद्देश्य दक्षिण भारतीय राज्यों की उस आशंका को दूर करना है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व घट सकता है।

दूसरा बड़ा बदलाव महिला आरक्षण से जुड़ा है। 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। लेकिन इसके लागू होने को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया था। सरकार अब इस प्रक्रिया में बदलाव कर 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है।

परिसीमन पर किस पार्टी का क्या रुख?

संसद में इस बार सबसे अहम सवाल यह है कि कौन-सी पार्टी बिल का समर्थन करेगी और कौन इसके खिलाफ मतदान करेगी। फिलहाल राजनीतिक दलों का रुख इस प्रकार है:

पार्टी/गठबंधनलोकसभा में सांसदमौजूदा रुख
BJP241समर्थन
NDA (कुल)करीब 320समर्थन
कांग्रेस99विरोध
समाजवादी पार्टी37विरोध
AAP3विरोध
शिवसेना (UBT)3आपत्ति, अंतिम रुख पर मसौदे का इंतजार
DMK22समर्थन
NCP (SP)8सभी राज्यों में 50% बढ़ोतरी की शर्त पर समर्थन का संकेत
YSRCP4समर्थन की संभावना, शर्तों पर नजर

कांग्रेस: बिल के विरोध का ऐलान, तीन प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सरकार की ओर से विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश का विरोध करेगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश के लोगों के लिए एक बड़ा राजनीतिक जाल तैयार कर रहे हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि INDIA गठबंधन और दूसरे विपक्षी दलों की बैठक में इस मुद्दे पर रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा, “जो संविधान से प्यार करता है, वह ऐसे विभाजनकारी एजेंडे का समर्थन नहीं कर सकता।”

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने तीन मांगें रखी हैं:

  • लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या और राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बरकरार रखा जाए।
  • सीटों की संख्या और राज्यों का अनुपात अगले 25 वर्षों तक फ्रीज किया जाए।
  • 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए। इसमें SC-ST महिलाओं के लिए आंतरिक आरक्षण भी शामिल हो।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का कहना है कि महिला आरक्षण मौजूदा 543 सीटों पर ही लागू किया जाना चाहिए। पार्टी का तर्क है कि महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए

AAP: संजय सिंह ने बताया ‘BJP जिताओ बिल’

आम आदमी पार्टी ने भी परिसीमन विधेयक के विरोध का ऐलान किया है। सांसद संजय सिंह ने इसे ‘BJP जिताओ बिल’ बताते हुए कहा कि इसका समर्थन करना दक्षिण भारत के राज्यों के राजनीतिक हितों के खिलाफ होगा।

उन्होंने DMK को भी आगाह किया कि इस विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक गलती हो सकती है। संजय सिंह का दावा है कि विधेयक पारित होने से BJP को राजनीतिक फायदा मिल सकता है

DMK: बिल के पक्ष में वोट करेगी

DMK प्रमुख एमके स्टालिन की प्रार्टी बिल के समर्थन में वोट करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई में हुई बैठक में ये फ़ैसला किया गया। चेन्नई में पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में, डीएमके ने परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया।
हालांकि इससे पहले स्टालिन ने साफ कहा, “हमारी स्थिति में कोई बदलाव नहीं है और समझौते का कोई सवाल ही नहीं है।”

NCP (SP): समर्थन का संकेत, लेकिन शर्त भी

शरद पवार की NCP (SP) के रुख में अहम बदलाव देखने को मिला है। पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा है कि अगर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 फीसदी बढ़ाई जाती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा था कि पार्टी विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही अपना अंतिम रुख तय करेगी। सूत्रों के अनुसार, परिसीमन पर शरद पवार के समर्थन के बदले उनकी बेटी सुप्रिया सुले को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

उद्धव ठाकरे गुट और RJD का रुख

शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने कहा है कि पार्टी विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही अंतिम फैसला करेगी। उन्होंने परिसीमन आयोग की भूमिका और निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं।

RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव के एक बयान से भी राजनीतिक चर्चा शुरू हुई थी। उन्होंने शुरुआत में बढ़ती आबादी के मद्देनजर परिसीमन का समर्थन किया था। बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका बयान पंचायतों के परिसीमन को लेकर था और लोकसभा के प्रस्तावित विधेयक पर वह तेजस्वी यादव के रुख के अनुसार वोट करेंगे। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बेहतर होता कि सभी दलों को साथ बैठाकर बातचीत के बाद महिला आरक्षण पर कोई फैसला लिया जाता”

कपिल सिब्बल से संदीप दीक्षित तक, विपक्ष के नेताओं के सवाल

परिसीमन बिल पर विपक्षी नेताओं की आपत्तियां सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं हैं।

  • कपिल सिब्बल: उन्होंने 131वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चेतावनी दी कि अगर यह पारित हुआ तो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। उनके मुताबिक, इससे देश तानाशाही की दिशा में जा सकता है।
  • संदीप दीक्षित: कांग्रेस नेता ने लोकसभा में 850 से 900 सांसदों की संभावित संख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर 550 या 600 सांसद पर्याप्त काम नहीं कर पा रहे हैं, तो 850 सांसद क्या अलग कर लेंगे? उन्होंने संसद की कार्यक्षमता और बढ़ते खर्च को लेकर भी चिंता जताई।
  • गौरव गोगोई: उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे मौजूदा सीटों पर लागू किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण और परिसीमन को जोड़ना जरूरी नहीं है।

ये सभी नेताओं की राजनीतिक आपत्तियां और तर्क हैं; विधेयक के वास्तविक प्रभाव का आकलन उसके अंतिम प्रावधानों और संसदीय प्रक्रिया के आधार पर होगा।

NDA के पास कितने सांसद? समझिए लोकसभा का नंबर गेम

यही इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। संविधान संशोधन विधेयक को सामान्य बहुमत से पारित नहीं कराया जा सकता।

संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत इसके लिए दो शर्तें पूरी होनी चाहिए:

  1. सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत।
  2. सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का कम से कम दो-तिहाई समर्थन।

इसका मतलब है कि सिर्फ आधे से अधिक सांसदों का समर्थन पर्याप्त नहीं होगा। मतदान में हिस्सा लेने वाले सदस्यों के मुकाबले भी दो-तिहाई वोट पक्ष में चाहिए।

लोकसभा का गणित

विवरणसंख्या
लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या543
मौजूदा प्रभावी सदस्य संख्या540
NDA की अनुमानित संख्या320
सभी 540 सांसद मतदान करें तो जरूरी वोट360
NDA को अतिरिक्त वोटों की जरूरत40

BJP के पास 241 सांसद हैं। बाकी 79 सांसद NDA के सहयोगी दलों और गठबंधन के साथ आए अन्य सांसदों से हैं। इस संख्या में TMC से अलग हुए 20 सांसदों का समूह भी शामिल है।

किन दलों के समर्थन से NDA का आंकड़ा बढ़ सकता है?

पार्टीलोकसभा सांसद
DMK22
NCP (SP)8
YSRCP4
कुल34

अगर ये तीनों दल विधेयक का समर्थन करते हैं, तो NDA का अनुमानित आंकड़ा 320 से बढ़कर 354 हो सकता है। लेकिन अगर सभी 540 सांसद मतदान करते हैं, तो भी सरकार 360 के जरूरी आंकड़े से 6 वोट पीछे रह जाएगी।

यानी इन दलों का समर्थन मिलने के बावजूद सरकार को छोटे दलों, निर्दलीय सांसदों या अन्य विपक्षी सांसदों का साथ जुटाना होगा।

अनुपस्थिति भी बनेगी सरकार की रणनीति का हिस्सा?

संसद के विशेष सत्र से पहले TMC को झटका, 20 बागी सांसद अपनी मर्जी से कर सकेंगे वोटिंग: सूत्र

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पर वोटिंग से पहले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को लेकर बड़ी खबर है। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, ये सभी सांसद अपनी पसंद के अनुसार वोट कर सकेंगे। जब तक लोकसभा स्पीकर उन्हें औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित नहीं करते, तब तक उनके संसदीय अधिकार बरकरार रहेंगे।


दरअसल, जून 2026 में काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में TMC के 20 सांसद पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया यानी NCPI में शामिल हो गए थे और NDA को समर्थन दिया था। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने उनकी सदस्यता रद्द करने की याचिका दायर की थी। सभी 20 सांसद 24 नवंबर को लोकसभा स्पीकर को अपना जवाब सौंप चुके हैं। अब स्पीकर को अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला लेना है। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर होने वाली वोटिंग में इन सांसदों की भूमिका अहम हो सकती है।

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को पत्र लिख कर कहा कि बीस बागी सांसदों को वोट न देने दें। यह भी कहा कि टीएमसी के चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी का लोक सभा से निलंबन वापस हो।

इस विधेयक में सिर्फ समर्थन और विरोध के वोट ही अहम नहीं होंगे, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण होगा कि कितने सांसद मतदान में हिस्सा लेते हैं।

उदाहरण के लिए, अगर लोकसभा के सभी 540 सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए। लेकिन अगर कुछ सांसद मतदान से अनुपस्थित रहते हैं, तो उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या घट जाएगी और दो-तिहाई का आंकड़ा भी कम हो सकता है। यही वजह है कि सरकार और विपक्ष दोनों के लिए सांसदों की उपस्थिति महत्वपूर्ण होगी।

राज्यसभा में भी आसान नहीं होगी राह

संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा के साथ राज्यसभा से भी विशेष बहुमत से पारित कराना होगा। यहां भी NDA को अतिरिक्त समर्थन जुटाने की जरूरत पड़ सकती है।

राज्यसभा में NDA की संख्या करीब 151 से 154 के बीच आंकी जा रही है। यदि सदन के 244 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं, तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 163 वोट चाहिए होंगे। यानी सरकार को अनुमान के अनुसार 9 से 12 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है।

DMK के आठ और NCP (SP) के एक राज्यसभा सांसद के अलावा YSRCP और दूसरे क्षेत्रीय दलों की भूमिका यहां भी महत्वपूर्ण हो सकती है।

अप्रैल में क्यों गिर गया था विधेयक?

सरकार के सामने पहले भी इसी तरह की चुनौती आई थी। 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर वोटिंग हुई थी कुल 528 सांसदों ने मतदान किया था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। उस समय 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह विधेयक 54 वोटों से पीछे रह गया था।

क्या इस बार NDA विधेयक पारित करा पाएगा?

इस बार सरकार के सामने अप्रैल के मुकाबले बदला हुआ राजनीतिक समीकरण है। विपक्ष के कुछ सांसदों के पाला बदलने और कुछ क्षेत्रीय दलों के समर्थन के संकेतों से NDA की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। सरकार का 50 फीसदी समान सीट वृद्धि वाला प्रस्ताव DMK और NCP (SP) जैसे दलों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश भी है।

NDA के पास सामान्य बहुमत है, लेकिन संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी विशेष बहुमत का गणित अभी भी चुनौतीपूर्ण है। विधेयक पारित होगा या नहीं, इसका जवाब केवल NDA की संख्या से नहीं, बल्कि DMK और NCP (SP) के अंतिम फैसले, छोटे दलों के समर्थन और दोनों सदनों में मतदान के दिन की उपस्थिति से तय होगा। इस बार परिसीमन बिल सिर्फ सरकार और विपक्ष के बीच टकराव नहीं, बल्कि एनडीए की अग्निपरीक्षा भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here