नई दिल्ली: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में तैयारियां जोरों पर हैं. यमुना घाटों और अन्य प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है. खासतौर पर पूर्वी दिल्ली (East Delhi), उत्तर-पूर्वी दिल्ली (North-East Delhi) और शाहदरा जिले के कई इलाकों में रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे. अगर आप इन दो दिनों में इन इलाकों से गुजरने वाले हैं, तो जाम से बचने के लिए पुलिस द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर रख लें.
इन रास्तों पर जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को सलाह दी है कि वे घाटों के आसपास के मुख्य मार्गों का इस्तेमाल न करें इन रास्तों पर भारी भीड़ और डायवर्जन रहेगा. शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापसी में पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक का मार्ग, शांतिवन से लेकर श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता जाम रह सकता है.
जाम से बचने के लिए अपनाएं ये वैकल्पिक रास्ते
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक रूट भी सुझाए हैं, जिनका इस्तेमाल कर आप बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं.
उत्तरी, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली जाने के लिए: वाहन चालक जीटी रोड (GT Road) और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकते हैं.
सोनिया विहार की ओर जाने के लिए: नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए सोनिया विहार चौहान पट्टी पहुंचा जा सकता है.
श्रद्धालुओं के लिए यहां की गई है पार्किंग की व्यवस्था
छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए प्रशासन ने कई जगहों पर विशेष पार्किंग जोन बनाए हैं। इनमें मुख्य रूप से डीएनडी (DND) के नजदीक यमुना खादर और वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास और नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग,पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के पास शामिल हैं. इसके अलावा नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है.
ट्रैफिक पुलिस की खास अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में सड़क किनारे या नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी न करें. प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे.




