

सुर्ला स्थित मडकईकर वाडा से भामईकर वाडा तक सड़क का विवाद अब स्थानीय निवासियों के लिए जानलेवा मुसीबत बन गया है। अधूरे निर्माण कार्य के बाद सड़क पर पड़े पत्थरों और मिट्टी के ढेर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात यह हैं कि वाहनों की आवाजाही तो दूर, अब लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से इस मामले में सीधा हस्तक्षेप कर तत्काल समाधान निकालने की भावुक अपील की है।
2007 में बनी थी सड़क, अब नामोनिशान मिटा
जानकारी के अनुसार, मडकईकर वाडा से भामईकर वाडा के बीच वर्ष 2007 में पंचायत के माध्यम से कंक्रीट सड़क का निर्माण कराया गया था। कुछ वर्षों तक लोगों को राहत मिली, लेकिन समय के साथ सड़क पूरी तरह उखड़ गई। ग्रामीणों की बार-बार मांग के बाद भी मरम्मत नहीं हुई।
सोमवार को स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क निर्माण का काम शुरू तो हुआ, लेकिन महज दो-तीन दिन बाद ही जमीन मालिक ने काम रुकवा दिया। तब से निर्माण कार्य ठप पड़ा है और खुदाई के कारण सड़क पर बिखरे मलबे ने समस्या को पहले से भी बदतर बना दिया है।
“कम से कम पैदल चलने का रास्ता तो खुला छोड़ें”
स्थानीय निवासी वसंत कालेकर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पंचायत द्वारा पूर्व में कराए गए कार्य की रिपोर्ट मांगी है और इसके बाद काम दोबारा शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, “हम पिछले 50 वर्षों से एक पक्की सड़क का इंतजार कर रहे हैं। रोजाना की यह परेशानी अब असहनीय हो गई है, लेकिन हमें मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है।”
वहीं, बोंबी कालेकर ने मांग की कि कम से कम इतना रास्ता तो साफ रखा जाए कि लोग सुरक्षित पैदल चल सकें। श्वेता मडकईकर के अनुसार, खराब रास्ते के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाजार जाने वाले लोगों को भारी जोखिम उठाकर चलना पड़ रहा है।
गर्भवती महिलाओं की जान पर बन आई, सिर पर सिलेंडर ढोने की मजबूरी
सड़क न होने का सबसे बुरा असर महिलाओं और मरीजों पर पड़ रहा है। स्थानीय महिला वंजिता कालेकर ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि बीमार या गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल ले जाना बेहद कठिन हो गया है। वहीं वाहन घर तक न पहुंच पाने के कारण लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर जैसी भारी वस्तुएं सिर पर उठाकर लानी पड़ रही हैं।
जमीन मालिकों का पक्ष: बातचीत से समाधान को तैयार
दूसरी ओर, इस मामले में जमीन मालिक येसो घाडी और श्रीपाद घाडी ने संपर्क करने पर अपना पक्ष साफ किया। उन्होंने कहा कि वे सड़क के लिए पहले ही जमीन दे चुके हैं और उनका उद्देश्य विकास कार्य रोकना नहीं है। उनके मुताबिक, पूर्व में दी गई जमीन वाली सड़क से जोड़कर ही आगे की सड़क बनाई जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन और ग्रामीणों के साथ बैठकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की इच्छा जताई है।
अब निगाहें प्रशासन पर: एक तरफ ग्रामीण बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहे हैं, तो दूसरी तरफ जमीन मालिक भी बातचीत के लिए तैयार हैं। ऐसे में प्रशासन को तुरंत पहल कर दोनों पक्षों के बीच समन्वय बिठाने की जरूरत है, ताकि मडकईकर वाडा के लोगों का 50 साल लंबा इंतजार खत्म हो सके।



