नई दिल्ली: देश की सियासत में एक बार फिर बड़े संवैधानिक बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। 2029 के आम चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के अपने वादे को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र सरकार अब निर्णायक कदम उठाने जा रही है। सियासी गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक, मोदी सरकार इस कानून का रास्ता साफ करने के लिए जल्द ही संसद का विशेष सत्र (Special Session) बुला सकती है, जिसमें एक अहम संविधान संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा।
नंबर गेम में सरकार आश्वस्त, 15-18 वोटों के अंतर से जीत का दावा
संविधान में किसी भी बड़े संशोधन के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की दरकार होती है। सदन की कुल 543 सीटों में से फिलहाल तीन सीटें खाली हैं, ऐसे में इस बिल को पारित कराने के लिए सरकार को कम से कम 361 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। सूत्रों का दावा है कि सरकार ने जरूरी आंकड़ों का इंतजाम कर लिया है और इस बार बिल 15 से 18 वोटों के सुरक्षित अंतर से पास हो सकता है। हालांकि, विशेष सत्र की तारीख और अवधि को लेकर अभी पत्ते नहीं खोले गए हैं।
543 से बढ़कर 850 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें
महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन (Delimitation) सबसे बड़ी शर्त है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार नए मसौदे में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की सीमा को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव ला रही है। सीटें बढ़ने पर दक्षिण भारत के राज्यों को अपने राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम होने का डर सता रहा है। इस चिंता को दूर करने के लिए सरकार सभी राज्यों की सीटों में एकसमान 50 फीसदी की बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही मसौदे में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने का विकल्प भी रखा गया है, जिस पर अंतिम मुहर लगना बाकी है।
अप्रैल की नाकामी से सबक लेकर नया दांव
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब सरकार इस दिशा में आगे बढ़ी है। इससे पहले 17 अप्रैल को बजट सत्र की एक विशेष बैठक के दौरान भी ऐसा ही संशोधन विधेयक लोकसभा में लाया गया था, लेकिन तब जरूरी समर्थन न जुट पाने के कारण मामला अटक गया था। अब सरकार बदली हुई रणनीति और नए मसौदे के साथ दोबारा मैदान में उतरने को तैयार है।
91 दिनों से ‘होल्ड’ पर है मानसून सत्र, टूटा 2008 का रिकॉर्ड
इस संभावित विशेष सत्र के पीछे एक दिलचस्प संसदीय पेंच भी छिपा है। दरअसल, 13 अगस्त को संसद के दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित तो कर दिया गया था, लेकिन मानसून सत्र का अब तक औपचारिक रूप से सत्रावसान (Prorogue) नहीं किया गया है। बिना सत्रावसान के इस सत्र को 91 दिन पूरे हो चुके हैं, जिसने साल 2008 के 87 दिनों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। संसदीय नियमों के तहत, यदि सरकार नया सत्र बुलाती है तो कम से कम 14 दिन पहले नोटिस देना अनिवार्य है। लेकिन चूंकि मानसून सत्र तकनीकी रूप से समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए सरकार महज 2 दिन के शॉर्ट नोटिस पर भी इसकी विस्तारित बैठक (Extended Sitting) बुलाकर यह बिल पेश कर सकती है। हालांकि, संविधान में सत्रावसान के लिए कोई तय समय-सीमा नहीं होने के कारण इसे किसी भी तरह की संवैधानिक गड़बड़ी नहीं माना जाता।




