21 नवंबर को वैशाली आएंगे पीएम मोदी, NDA सरकार के एक साल पूरे होने पर होगा भव्य कार्यक्रम

0
97

रिपोर्ट : संजय कुमार, पटना

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर एनडीए ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पटना में एनडीए के पांच घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री का वैशाली दौरा बिहार के औद्योगिक विकास और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा।

दरअसल, 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर पर 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर प्रखंड स्थित जफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और आरएम के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी मौजूद रहे।

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली आगमन ऐतिहासिक होगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल समेत कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वैशाली में 1243 एकड़ में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क बिहार के विकास को नई दिशा देगा।

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बिहार अब निवेश और औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। औद्योगिक पार्क के विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य बिहार के युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है।

सरावगी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के बिहार के प्रति जुड़ाव को विश्वास और विकास का रिश्ता बताया।

एनडीए नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। वैशाली की धरती से विकास और रोजगार को नई रफ्तार मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here