धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- ब्रज और अवध में नहीं मिलेगा प्रवेश

0
75
धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- ब्रज और अवध में नहीं मिलेगा प्रवेश
धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- ब्रज और अवध में नहीं मिलेगा प्रवेश

रिपोर्ट – मितेश सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाओं को आहत किया है।अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे लोगों को अब न ब्रज में प्रवेश मिलेगा और न ही अवध में। उन्होंने कहा कि कोई सच्चा रघुवंशी या यदुवंशी उनका स्वागत नहीं करेगा।

यूपी की सीमा पर नाकाबंदी का बोर्ड लगाने की कही बात

अखिलेश यादव ने तीखा बयान देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर नाकाबंदी का बोर्ड लगा देना चाहिए, जिस पर लिखा हो कि ईशनिंदा करने वालों का उत्तर प्रदेश की धर्मभूमि पर प्रवेश वर्जित है।

उन्होंने नेपाल सीमा का जिक्र करते हुए भी तंज कसा और कहा कि नेपाल बॉर्डर भी बंद करना पड़ सकता है, ताकि कोई वहां से आकर यूपी में प्रवेश न कर सके।

राजनीतिक टकराव में भगवान को क्यों ला रहे हैं नेता?

सपा प्रमुख ने इस पूरे मामले को राजनीतिक और धार्मिक सत्ता की चुनौती से जोड़ते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि उत्तर प्रदेश में किसी बाहरी के इशारे पर किसी की राजनीतिक-धार्मिक सत्ता को चुनौती देने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आपसी राजनीतिक टकराव में नेताओं को भगवान को क्यों लाना चाहिए?

17 नवंबर से प्रतापगढ़ में होनी है धीरेंद्र शास्त्री की कथा

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब 17 नवंबर से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम का आयोजन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक राजा भैया करवा रहे हैं।

इससे पहले भी अखिलेश यादव इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। अब उनके ताजा बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here