सिक्कों की खनक या सियासी खेल? बिहार में निर्दलीय MLC की ‘BJP एंट्री’ पर बवाल, क्या रद्द होगी सदस्यता?

0
74
सिक्कों की खनक या सियासी खेल? बिहार में निर्दलीय MLC की 'BJP एंट्री' पर बवाल, क्या रद्द होगी सदस्यता?
सिक्कों की खनक या सियासी खेल? बिहार में निर्दलीय MLC की 'BJP एंट्री' पर बवाल, क्या रद्द होगी सदस्यता?

रिपोर्ट: संजय कुमार

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से स्वतंत्र (निर्दलीय) चुनाव जीतकर आए नवनिर्वाचित विधान पार्षदों (MLC) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की खबरों ने सियासी पारे को बढ़ा दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इसे जनादेश का अपमान बताते हुए दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद उपचुनावों में एनडीए (NDA) गठबंधन के भीतर जेडीयू (JDU) के उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशियों ने बड़ी जीत दर्ज की थी:

  • तिरहुत स्नातक सीट: शिक्षक नेता बंशीधर ब्रजवासी ने जेडीयू के अभिषेक झा को पराजित किया।
  • सारण शिक्षक सीट: राहुल राज ने जेडीयू के आनंद पुष्कर को शिकस्त दी।
    जीत के तुरंत बाद दोनों नेताओं की बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ तस्वीरें और सदस्यता ग्रहण करने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया है। गठबंधन के भीतर भी इस कदम को लेकर दबी जुबान में सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि दोनों सीटों पर बीजेपी की सहयोगी दल जेडीयू चुनाव लड़ रही थी।

विपक्ष का कड़ा रुख: RJD जाएगी कोर्ट

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस मामले में बेहद आक्रामक रुख अख्तियार किया है। आरजेडी प्रवक्ता इजाज अहमद ने इसे मतदाताओं के साथ विश्वासघात करार दिया है।

  • सभापति को पत्र: आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने विधान परिषद के सभापति को औपचारिक पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया है।
  • कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: मुख्य विपक्षी दल का कहना है कि यदि निर्दलीय जीतकर आए सदस्य किसी राजनीतिक दल में शामिल होते हैं, तो उन पर दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने मांग पूरी न होने पर न्यायालय (कोर्ट) का दरवाजा खटखटाने की बात भी कही है।

बीजेपी की सफाई: ‘यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी’

विवाद बढ़ता देख बीजेपी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई दी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि दोनों नवनिर्वाचित विधान पार्षद पार्टी की सदस्यता लेने नहीं आए थे, बल्कि एक शिष्टाचार मुलाकात के तहत पहुंचे थे।

बीजेपी के अनुसार, दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने क्षेत्रों के स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के कल्याण तथा उनकी समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्रवाद और समाजसेवा की भावना रखने वाले हर व्यक्ति का स्वागत करती है। लेकिन तस्वीरें कुछ और ही बया कर रही थी। सुबह दोनों नेताओं की तस्वीरें बीजेपी ज्वाइन करते हुए सोशल मीडिया पर छाई रही।

साख और जनादेश पर उठे सवाल

बंशीधर ब्रजवासी की पहचान लंबे समय से ‘परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ’ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में रही है। उन्होंने नियोजित शिक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन और राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। मतदाताओं ने सत्ता और विपक्ष दोनों के उम्मीदवारों को नकारकर उनके संघर्ष पर भरोसा जताया था। ऐसे में इस सियासी उठापटक के बाद अब यह सवाल बड़ा हो गया है कि क्या शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के मुद्दे इन नेताओं की प्राथमिकता में बने रहेंगे?

फिलहाल गेंद विधान परिषद के सभापति के पाले में है। देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी की इस सफाई के बाद बिहार की सियासत का यह कानूनी और राजनीतिक विवाद क्या मोड़ लेता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here