रिपोर्ट: सौमित मोहन
दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार पर जब लोग अपने परिवार के साथ खुशियां बांटने और अपनों के बीच पहुंचने की योजना बनाते हैं, तब हवाई टिकटों की आसमान छूती कीमतें उनके रास्ते में आर्थिक बाधा बन जाती हैं। त्योहारों के दौरान हवाई किरायों में भारी बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। जिन लोगों के लिए लंबी दूरी तय करने का हवाई सफर एक जरूरत है, उनके लिए महंगे टिकट बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में भी हवाई किरायों में कथित तौर पर 700 फीसदी तक की बढ़ोतरी का मुद्दा उठा। एक वकील ने तत्काल सुनवाई के लिए मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि विमान किराये में भारी इजाफा हुआ है और हवाई यात्रा अब एक जरूरी सेवा बन चुकी है। इस पर जस्टिस विक्रम नाथ की पीठ ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा, “हवाई यात्रा मत कीजिए।” इसके बाद अदालत अगले मामले की सुनवाई के लिए आगे बढ़ गई। कोर्ट ने भले सुवाई से मना कर दिया लेकिन इससे आम लोगों की परेशानी का हल नहीं निकल सकता।
ये मामला ऐसे समय सामने आया है, जब त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को टिकटों के लिए सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। याचिका में दावा किया गया कि कुछ रूट पर टिकटों के दाम 700 फीसदी तक बढ़ गए। इसका असर खासतौर पर उन लोगों पर पड़ता है, जिन्हें पारिवारिक जरूरत, नौकरी, बीमारी या किसी आपात स्थिति में अचानक यात्रा करनी पड़ती है।
हवाई किराये पर नियंत्रण को लेकर पहले से भी मामला लंबित
हवाई किरायों में अनियंत्रित उतार-चढ़ाव को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायण की एक अलग याचिका सुप्रीम कोर्ट में पहले से लंबित है। इसमें विमानन क्षेत्र के लिए स्वतंत्र नियामक व्यवस्था, किरायों में पारदर्शिता और यात्रियों के हितों की सुरक्षा की मांग की गई है।
16 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024 के तहत विमानन क्षेत्र से जुड़े नए नियमों को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और इन्हें जल्द प्रकाशित किया जाएगा। अदालत ने केंद्र से प्रकाशित नियम अगली सुनवाई में पेश करने को कहा था। इस मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को निर्धारित है।
सवाल आम यात्रियों की परेशानी का
त्योहारों पर घर लौटना, बीमार परिजनों तक पहुंचना या किसी जरूरी काम से दूसरे शहर जाना आम नागरिक की जिंदगी का हिस्सा है। लेकिन जब टिकटों की कीमतें अचानक कई गुना बढ़ जाती हैं, तो आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए हवाई सफर मुश्किल हो जाता है।
बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा तभी आम लोगों तक पहुंचेगा, जब यात्रा उनकी आर्थिक पहुंच में भी हो। यात्रियों को पारदर्शी किराया व्यवस्था, उचित शुल्क और जरूरत के समय सुलभ परिवहन का विकल्प मिलना चाहिए।
आखिरकार, आम नागरिक का अधिकार सिर्फ बेहतर सुविधाओं का सपना देखने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे बेहतर और सम्मानजनक जीवन जीने का वास्तविक अवसर भी मिलना चाहिए।




