“नीतीश कुमार गद्दार हैं…”: CWC बैठक में सोनिया गांधी के बयान पर मचा सियासी बवाल

सोनिया गांधी ने सख्त लहजे में कहा, नीतीश कुमार गद्दार हैं. शुक्र है कि वह सही समय पर चले गए, उनकी किस्मत में यही लिखा था कि वह वहीं पहुंचें जहां वह अभी हैं.

0
16

नई दिल्ली: कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की हालिया उच्चस्तरीय बैठक से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान विपक्षी ‘INDIA ब्लॉक’ और बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच गंभीर चर्चा हुई. इस दौरान कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार के राजनीतिक रुख पर गहरी नाराजगी जताई और उन्हें गद्दार तक कह डाला.

सोनिया गांधी का तीखा रिएक्शन

बैठक में चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने विपक्षी गठबंधन की रणनीति पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, हमें नीतीश कुमार को INDIA ब्लॉक से बाहर नहीं जाने देना चाहिए था. यदि वे गठबंधन के साथ मजबूती से टिके रहते, तो आज देश का राजनीतिक परिदृश्य कुछ और ही होता. दिग्विजय सिंह के इस बयान पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए सोनिया गांधी ने सख्त लहजे में कहा, नीतीश कुमार गद्दार हैं. शुक्र है कि वह सही समय पर चले गए, उनकी किस्मत में यही लिखा था कि वह वहीं पहुंचें जहां वह अभी हैं. वह काफी समय से गठबंधन से बाहर निकलने के नए रास्ते और बहाने तलाश रहे थे.

मल्लिकार्जुन खरगे ने भी खोले अंदर के राज

सोनिया गांधी के इस बयान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपनी बात रखी और एक बड़ा अंदरूनी खुलासा किया. खरगे ने कहा, मैं इस बात को सार्वजनिक तौर पर नहीं कहना चाहता था, लेकिन यह सौ फीसदी सच है कि वे गठबंधन से अलग होने के लिए केवल बहाने ढूंढ रहे थे. उनके द्वारा गठबंधन का संयोजक बनने की इच्छा जताना महज एक दिखावा मात्र था.खरगे ने आगे यह भी साझा किया कि नीतीश कुमार ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें यह बताया था कि वे खुद को केवल बिहार की राजनीति तक ही सीमित रखना चाहते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर बाहर से इस मोर्चे को समर्थन देते रहेंगे. हालांकि, उनके वास्तविक इरादे कुछ और ही थे, जो समय के साथ सामने आ गए.

राजनीतिक गलियारों में मची हलचल

कांग्रेस की इस आंतरिक बैठक से बाहर आई इन तीखी टिप्पणियों ने एक बार फिर से राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है. सोनिया गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए कड़े शब्दों से साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस नेतृत्व अभी तक उनके पाला बदलने के राजनीतिक घटनाक्रम से बेहद आहत है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here