उत्तराखंड: देवभूमि कहा जाने वाले उत्तराखंड को चमत्कारों और अध्यात्म की भूमि कहा जाता है. यहां भगवान शिव के कई ऐसे प्राचीन मंदिर हैं, जिनकी महिमा अपरंपार है. इन्हीं में से एक बेहद खास और अलौकिक धाम है मदमहेश्वर महादेव मंदिर. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित यह मंदिर शिव के पवित्र पंचकेदारों में से द्वितीय केदार के रूप में प्रसिद्ध है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति जीते जी इस धरती पर स्वर्ग के दर्शन करना चाहता है, तो उसे अपने जीवन में एक बार मदमहेश्वर धाम की यात्रा अवश्य करनी चाहिए. चौखंबा पहाड़ियों की गोद में बसा यह मंदिर न सिर्फ आध्यात्मिक शांति देता है, बल्कि यहां का प्राकृतिक सौंदर्य मंत्रमुग्ध कर देने वाला है.
मदमहेश्वर धाम का महत्व
समुद्र तल से लगभग 3,497 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस दिव्य धाम की अपनी अनोखी विशेषताएं हैं. पौराणिक कथाओं के अनुसार, कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद जब पांडव अपने पापों से मुक्ति के लिए भगवान शिव को ढूंढ रहे थे, तब शिव जी ने महिष का रूप धारण किया था. जब भीम ने उन्हें पहचान कर पकड़ना चाहा, तो वह धरती में समा गए. इसके बाद उनके शरीर के विभिन्न अंग पंचकेदारों के रूप में प्रकट हुए. मदमहेश्वर में भगवान शिव का मध्य भाग यानी नाभि प्रकट हुई थी, इसीलिए यहां उनके नाभि स्वरूप की पूजा की जाती है. माना जाता है कि इस भव्य मंदिर का निर्माण स्वयं पांडवों ने स्वर्गारोहण की यात्रा के दौरान किया था. श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास है कि इस पवित्र स्थान पर पिंडदान करने से पूर्वजों को सीधा मोक्ष प्राप्त होता है. मंदिर परिसर के पवित्र जल की कुछ बूंदें ही व्यक्ति को जन्म-मरण के बंधन से मुक्त कर देती हैं. एक अन्य मान्यता के अनुसार, भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती ने अपनी मधुचंद्र रात्रि इसी पावन स्थल पर व्यतीत की थी, जिसके कारण इस जगह की पवित्रता और ऊर्जा का स्तर बेहद ऊंचा माना जाता है.
कब और कैसे करें मदमहेश्वर के दर्शन?
मौसम की विषम परिस्थितियों के कारण यह मंदिर सालभर खुला नहीं रहता है. अगर आप यहां जाने का मन बना रहे हैं, तो कपाट खुलने की अवधि का विशेष ध्यान रखें. मदमहेश्वर मंदिर के कपाट हर साल अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाते हैं और दीपावली के तुरंत बाद सर्दियों के लिए बंद कर दिए जाते हैं. यानी आप मई से अक्टूबर के महीनों के बीच कभी भी यहां की यात्रा कर सकते हैं. सर्दियों के दौरान जब मंदिर के कपाट बंद होते हैं, तब बाबा मदमहेश्वर की चल-विग्रह डोली को नीचे ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में लाया जाता है. शीतकाल के पूरे छह महीने भगवान की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होती है.
कैसे पहुंचें मदमहेश्वर धाम?
मदमहेश्वर धाम पहुंचना किसी साहसिक और आध्यात्मिक एडवेंचर से कम नहीं है, क्योंकि यहां के लिए कोई सीधी गाड़ी की सुविधा नहीं है. सबसे पहले आपको बस या टैक्सी के जरिए रुद्रप्रयाग पहुंचना होगा. रुद्रप्रयाग से आगे का सफर रांसी गांव तक स्थानीय टैक्सी के माध्यम से तय किया जाता है. रांसी गांव से यात्रा की असली परीक्षा शुरू होती है. श्रद्धालुओं को लगभग 16 किलोमीटर की खड़ी और कठिन पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है. भले ही यह चढ़ाई थका देने वाली हो, लेकिन रास्ते में मिलने वाली पहाड़ों की ठंडी हवाएं, कलकल करते झरनों का संगीत और दूर-दूर तक फैले बर्फ से ढके ऊंचे पर्वत यात्रियों की सारी थकान को पल भर में दूर कर देते हैं. इस 16 किमी के कठिन मार्ग को पार करने के बाद जब बाबा के दर्शन होते हैं, तो वह अनुभव शब्दों से परे होता है.




