BJP पर जमकर बरसे अरविंद केजरीवाल, बीजेपी नेताओं को बताया धर्म पर कलंक

बीजेपी के नेताओं के मन में भगवान के प्रति कोई वास्तविक आस्था नहीं है. भाजपा के लोग देवी-देवताओं को भगवान नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता हथियाने और पैसा कमाने का एक जरिया समझते हैं- केजरीवाल

0
42

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर फिर से हमला बोला है. सोशल मीडिया पर एक के बाद एक दो पोस्ट साझा करते हुए केजरीवाल ने हिंदू धर्म और भगवान राम-हनुमान के बहाने बीजेपी की राजनीतिक विचारधारा को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने अपनी और भाजपा की आस्था की तुलना करते हुए बीजेपी नेताओं को धर्म पर कलंक तक कह डाला.

हम भक्त हैं, वो राम-हनुमान को सत्ता की सीढ़ी मानते हैं

अरविंद केजरीवाल ने अपनी पहली पोस्ट में भगवान राम और हनुमान जी के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि वे प्रभु श्री राम और पवनपुत्र हनुमान के सच्चे भक्त हैं, उनकी आराधना करते हैं और उनके चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद पाते हैं. इसके तुरंत बाद भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के नेताओं के मन में भगवान के प्रति कोई वास्तविक आस्था नहीं है. भाजपा के लोग देवी-देवताओं को भगवान नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता हथियाने और पैसा कमाने का एक जरिया समझते हैं. राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसे लोग भगवान का अपमान करने से भी पीछे नहीं हटते.

5000 साल के इतिहास का जिक्र

अपनी दूसरी सोशल मीडिया पोस्ट में दिल्ली के पूर्व सीएम ने देश के इतिहास का हवाला देते हुए लिखा कि पिछले 5000 वर्षों में बाहरी आक्रमणकारियों ने भी हिंदू धर्म को उतना नुकसान और ठेस नहीं पहुंचाई होगी, जितना वर्तमान में भाजपा ने पहुंचाई है. केजरीवाल ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने देश के हिंदुओं को सबसे ज्यादा लूटने का काम किया है. धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले ये लोग असल में हिंदू धर्म पर एक बड़ा कलंक हैं.

चुनावी माहौल के बीच क्यों गरमाया यह मुद्दा?

अरविंद केजरीवाल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली और देश की राजनीति में धर्म और देशभक्ति को लेकर लगातार बहस छिड़ी हुई है. आम आदमी पार्टी खुद को सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा के जरिए लगातार सनातन परंपराओं से जोड़ती रही है, वहीं भाजपा हमेशा AAP पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाती आई है. केजरीवाल के इस ताजा और बेहद आक्रामक बयान के बाद दिल्ली की सियासी हलचल तेज हो गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here