हम्पी के तपते हुए हज़ारों साल पुराने पत्थरों के बीच एक ऐसी जगह है, जहां कदम रखते ही तापमान अचानक 10 डिग्री तक गिर जाता है. यहां ग्रेनाइट की एक विशाल चट्टान पर आज भी एक चमकती हुई सफ़ेद लकीर मौजूद है जो हज़ारों सालों से न तो मिटी है और न ही फीकी पड़ी है. विज्ञान और भूगोल के जानकार इसे महज़ एक भौगोलिक संरचना कहते हैं, लेकिन करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए यह माता सीता की साड़ी का वो किनारा है, जो रावण के विमान से गिरते समय इन पत्थरों को चीरता हुआ निकला था. इसे लोग सुग्रीव की गुफा के नाम से जानते है.
तुंगभद्रा के तट से इतिहास का सफर
हम्पी के मुख्य बाज़ार से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर, तुंगभद्रा नदी के शांत किनारों के सहारे चलते हुए जब आप कोडंडाराम मंदिर की ओर बढ़ते हैं, तो पत्थरों के बीच से एक संकरा सा रास्ता निकलता है. यही रास्ता आपको सुग्रीव की गुफा तक ले जाता है. देखने में यह गुफा किसी बड़े आधुनिक कमरे जैसी नहीं है, बल्कि विशालकाय प्राकृतिक पत्थरों के आपस में टिक जाने से बना एक अद्भुत झरोखा है. लेकिन इसकी सादगी पर मत जाइए, क्योंकि इसी संकरी जगह के भीतर रामायण का वो अध्याय छिपा है जिसने अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना की नींव रखी थी.
जब ‘ऋष्यमूक पर्वत’ बना सुग्रीव का सुरक्षा कवच
इस गुफा के पीछे की कहानी बाली और सुग्रीव के उस भयानक संघर्ष से जुड़ी है, जो एक गलतफहमी की वजह से शुरू हुआ था. पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब बाली मायावी नाम के असुर का पीछा करते हुए एक गहरी गुफा के भीतर गया, तो उसने सुग्रीव को बाहर पहरा देने को कहा. एक साल बीत जाने के बाद जब उस गुफा से खून की धारा बाहर निकली, तो सुग्रीव को लगा कि बाली मारा गया है. उन्होंने भारी मन से उस गुफा का द्वार एक विशाल पत्थर से बंद कर दिया और किष्किन्धा वापस लौट आए. लेकिन बाली जिंदा था. जब वो बाहर आए, तो उन्होंने सुग्रीव को धोखेबाज़ समझकर राज्य से निकाल दिया और उनकी पत्नी को भी छीन लिया.
ऋषि मतंगा का वो श्राप
सुग्रीव ने जान बचाने के लिए इसी ऋष्यमूक पर्वत की गुफा में शरण ली थी. दरअसल, ऋषि मतंगा ने बाली को श्राप दिया था कि यदि उसने इस पहाड़ पर कदम रखा, तो उसकी मृत्यु हो जाएगी. इसी दिव्य कवच के कारण सुग्रीव यहाँ पूरी तरह सुरक्षित थे.
चट्टान पर वो ‘सफ़ेद लकीर’ और गहनों का रहस्य
यह गुफा केवल लोककथाओं का हिस्सा नहीं है, यहां कुछ ऐसे भौतिक साक्ष्य मौजूद हैं जो आज भी श्रद्धालुओं और वैज्ञानिकों को हैरान कर देते हैं-
सफ़ेद क्वार्टजाइट नस (Quartzite Vein): गुफा के प्रवेश द्वार पर चट्टानी फर्श पर एक लंबी, सफ़ेद नस दिखाई देती है, जो लगभग 14 से 18 सेंटीमीटर मोटी है। स्थानीय लोगों का अटूट विश्वास है कि जब रावण माता सीता का हरण करके ले जा रहा था, तब उन्होंने श्री राम को दिशा का संकेत देने के लिए अपने आभूषण और साड़ी का छोर (दुपट्टा) नीचे गिराया था, जिससे पत्थरों पर यह स्थायी सफ़ेद निशान बन गया.
लक्ष्मण जी द्वारा नूपुर की पहचान: सुग्रीव ने उन आभूषणों को इसी गुफा की गहराई में सुरक्षित छिपाकर रखा था. जब श्री राम और लक्ष्मण सीता माता की खोज में यहां पहुंचे, तब सुग्रीव ने उन्हें वे आभूषण सौंपे। यहीं पर लक्ष्मण जी ने माता सीता के पैरों के नूपुर (पायल) को पहचानकर उनकी पुष्टि की थी.
रामायण काल का पहला ‘वॉर रूम’
यह गुफा केवल शरण स्थली नहीं थी, बल्कि यह रामायण का वो पहला वॉर रूम थी, जहां बैठकर भगवान राम ने सुग्रीव, हनुमान और वानर सेना के साथ मिलकर लंकापति रावण से लड़ने की पूरी रणनीति बनाई थी. यहीं पर तय हुआ था कि कैसे वानर सेना को संगठित किया जाएगा और कैसे लंका पर चढ़ाई की जाएगी. गुफा के फर्श पर आज भी कुछ प्राचीन पदचिह्न बने हुए हैं, जिन्हें श्रद्धालु साक्षात श्री राम और लक्ष्मण के चरणों के निशान मानकर पूजते हैं. रहस्य सिर्फ सुग्रीव की गुफा तक सीमित नहीं है. इसके ठीक पास बाली गुफा है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह 4 किलोमीटर गहरी है. हालांकि, समय के साथ आए बदलावों और भूस्खलन की वजह से अब इसका केवल कुछ ही हिस्सा देखा जा सकता है, लेकिन इसकी संकरी और भयानक संरचना आज भी उस ऐतिहासिक युद्ध की गवाही देती है.
चिलचिलाती गर्मी में AC जैसी ठंडक
आज के दौर में यहां आने वाले सैलानी और शोधकर्ता एक अजीब से अनुभव से गुज़रते हैं. हम्पी की चिलचिलाती और तपती हुई गर्मी के बावजूद, गुफा के भीतर कदम रखते ही तापमान काफी कम और शांत हो जाता है. इसके अलावा, यहां के कुछ पत्थरों को थपथपाने पर धातु जैसी गूंजती हुई आवाज़ निकलती है, जिन्हें म्यूजिकल स्टोन्स कहा जाता है. कई लोग यहां एक विशेष प्रकार की आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा महसूस करते हैं, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. सुग्रीव की गुफा महज़ पत्थरों का एक ढेर नहीं है, बल्कि यह उस अटूट विश्वास की जीवित धरोहर है जहां एक राजा ने न्याय के लिए साक्षात ईश्वर का साथ पाया था. यहां की सफ़ेद लकीर और चरण चिह्न हमें याद दिलाते हैं कि हमारे महाकाव्य केवल किताबों के पन्नों में नहीं, बल्कि हमारी धरती के कण-कण में रचे-बसे हैं. यदि आप कभी हम्पी जाएं, तो इस शांत गुफा के भीतर 5 मिनट मौन बैठकर देखें शायद आपको भी वह दिव्य ऊर्जा महसूस हो जिसने हज़ारों साल पहले इतिहास का रुख बदल दिया था.




