नौतपा के दौरान देश के कई राज्यों का मौसम लगातार तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसी बीच शनिवार दोपहर राजस्थान के चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर से डराने वाली तस्वीरें सामने आईं। रेतीले तूफान ने पूरे आसमान को ढक लिया, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। यहां 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली।देखें वीडियो…
दरअसल,पाकिस्तान से उठे तूफान का असर राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में देखने को मिल रहा है। तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रेतीले तूफान के कारण लोगों को दिन में ही वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग भागकर अपने घरों में शरण लेते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने इससे पहले इतना भयंकर रेतीला तूफान कभी नहीं देखा।
15 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
राजस्थान समेत देश के 15 राज्यों में बारिश और आंधी–तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के कारण मई महीने में ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
7 दिन में केरलम पहुंचेगा मानसून
फिलहाल देश के कई राज्यों में हो रही बारिश प्री–मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अगले सात दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि, विभाग ने इस वर्ष मानसून के सामान्य से कमजोर रहने की आशंका भी जताई है।आईएमडी (IMD) के मुताबिक, जून से सितंबर के बीच देश में औसत से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में लगभग 78 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि बिहार और उत्तर प्रदेश में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन देश के कई अन्य हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका है। खासकर उन क्षेत्रों में, जहां खेती मुख्य रूप से बारिश पर निर्भर है, कमजोर मानसून के कारण नुकसान की संभावना जताई जा रही है।




