T20 World Cup 2026: कल रात वानखेड़े स्टेडियम में समंदर की लहरों से ज्यादा शोर नेपाल के फैंस का था। भले ही इंग्लैंड यह मैच 4 रन से जीत गया, लेकिन असली चर्चा नेपाल के उन ‘योद्धाओं’ की हो रही है जिन्होंने विश्व चैंपियन की सांसें अटका दी थीं। मैच के बाद नेपाल टीम के मीडिया मैनेजर भानु ने हमारे पत्रकार अश्विन मिश्र से खास बातचीत की और बताया कि इस टीम के पीछे कितनी मेहनत और कितना दर्द छिपा है।
‘कार्डियक किड्स’ का वो अधूरा सपना
भानु ने बताया कि इस हार का दर्द 2024 के उस मैच जैसा ही है जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नेपाल बहुत करीब आकर हार गया था। उन्होंने कहा, “हमें ‘कार्डियक किड्स’ कहा जाता है क्योंकि हम करीबी मैच जीतने के लिए मशहूर हैं, लेकिन कल हम गलत तरफ थे। लड़कों ने जान लगा दी थी, बस एक शॉट की कमी रह गई।”
स्टुअर्ट लॉ और रोहित पौडेल: अनुशासन और भरोसे की जुगलबंदी
भानु ने कहा कि नेपाल की इस सफलता के पीछे उनके कोच, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टुअर्ट लॉ का बड़ा हाथ है। लॉ ने टीम में अनुशासन, फिटनेस और हर खिलाड़ी के रोल को लेकर स्पष्टता (Clarity) पर जोर दिया है। उनका फोकस नतीजों से ज्यादा ‘प्रोसेस’ पर रहता है। रोहित पौडेल ने अपनी उम्र से कहीं ज्यादा परिपक्वता दिखाई है। वे दबाव में शांत रहते हैं और टीम के हर खिलाड़ी पर भरोसा करते हैं। कल भी उन्होंने 39 रनों की कप्तानी पारी खेलकर टीम को संभाला।
NPL (नेपाल प्रीमियर लीग): नेपाल क्रिकेट की लाइफलाइन
भानु ने साफ किया कि नेपाल क्रिकेट की तरक्की में नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) का बहुत बड़ा रोल है। हाल ही में खत्म हुए दूसरे सीजन में खिलाड़ियों ने दुनिया के बड़े सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया। इससे लड़कों का कॉन्फिडेंस बढ़ा, आर्थिक मदद मिली और मैच खेलने का वो एक्सपोजर मिला जो पहले कभी नहीं था। नेपाल के पास अब अपना अंतरराष्ट्रीय स्तर का फ्लडलाइट्स वाला स्टेडियम भी है, जो भविष्य के लिए बड़ी उम्मीद है।
डेल स्टेन का वो ट्वीट और ग्लोबल पहचान
जब दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज डेल स्टेन ने ट्वीट कर नेपाल का कोच बनने की इच्छा जताई, तो वह नेपाल क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल बन गया। भानु कहते हैं, “जब स्टेन जैसा लेजेंड हमारे बारे में ट्वीट करता है, तो पता चलता है कि हमने कितनी दूरी तय की है। यह हमारी ग्लोबल विजिबिलिटी का सबूत है।”
Nepal
— Dale Steyn (@DaleSteyn62) February 8, 2026
I offer my services to you if you ever need em!
Up, up and UP!
चुनौती और बीसीसीआई का साथ
नेपाल क्रिकेट के सामने सबसे बड़ी चुनौती घर पर ‘रेड बॉल’ क्रिकेट की कमी है। हालांकि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) ने दो दिवसीय मैच शुरू किए हैं, लेकिन यह अभी काफी नहीं है। भानु ने BCCI के छोटे स्तर पर मिल रहे सहयोग की भी सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भारतीय बोर्ड का साथ और बढ़ेगा।
नेपाल क्रिकेट बोर्ड (CAN) ने लगातार दो सालों से ICC का ‘डिजिटल फैन इंगेजमेंट’ अवॉर्ड जीता है। यह बताता है कि नेपाल के फैंस दुनिया के सबसे जुनूनी फैंस में से एक हैं। कल की हार ने भले ही अंक नहीं दिए, लेकिन नेपाल ने साबित कर दिया कि वो अब किसी भी बड़ी टीम को पटखनी देने का दम रखते हैं।




