दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य ताकत माने जाने वाले अमेरिका की ताकत सिर्फ उसके हथियारों या सैनिकों की संख्या तक सीमित नहीं है। असली ताकत है उसका वैश्विक सैन्य नेटवर्क। दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में फैले करीब 750 से अधिक सैन्य अड्डे अमेरिका को ऐसी क्षमता देते हैं कि वह किसी भी संकट या युद्ध की स्थिति में तुरंत सैन्य कार्रवाई कर सके। खासकर जब मध्य पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच तनाव बढ़ता है, तब इन अमेरिकी अड्डों की रणनीतिक अहमियत कई गुना बढ़ जाती है। आखिर कैसे काम करता है अमेरिका का यह वैश्विक सैन्य नेटवर्क… और क्यों हर बड़े संकट में इसकी चर्चा शुरू हो जाती है

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में फैले अमेरिकी सैन्य अड्डे उसकी वैश्विक सैन्य रणनीति की रीढ़ माने जाते हैं। हालिया अनुमानों के मुताबिक अमेरिका के लगभग 80 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में 750 से अधिक सैन्य अड्डे मौजूद हैं। इनमें एयरबेस, नौसेना अड्डे, आर्मी बेस, लॉजिस्टिक सपोर्ट सेंटर और मिसाइल डिफेंस साइट्स शामिल हैं।
हालांकि कई सरकारी दस्तावेजों में इनकी संख्या कम दिखाई जाती है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों और स्वतंत्र शोधकर्ताओं के अनुसार अगर छोटे लॉजिस्टिक बेस, अस्थायी सैन्य सुविधाएं और “लिली पैड” साइट्स को भी जोड़ लिया जाए, तो यह संख्या 750 से भी ज्यादा हो जाती है। इनमें से कुछ अड्डे स्थायी रूप से स्थापित हैं, जबकि कई ऐसे भी हैं जिन्हें जरूरत के अनुसार सक्रिय किया जाता है।
अमेरिका के सैन्य अड्डे एशिया, यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका तक फैले हुए हैं। जापान, जर्मनी और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी सबसे ज्यादा मानी जाती है। इन देशों में लंबे समय से अमेरिकी सैनिकों, लड़ाकू विमानों और मिसाइल सिस्टम की तैनाती की जाती रही है।अगर बात करें अमेरिकी वायु शक्ति की, तो दुनिया भर में उसके सैकड़ों एयरफील्ड और एयरबेस मौजूद हैं। जर्मनी का Ramstein Air Base, इटली का Aviano Air Base, जापान का Kadena Air Base और तुर्किये का Incirlik Air Base अमेरिका के प्रमुख विदेशी एयरबेस माने जाते हैं। इन एयरबेस से अमेरिकी वायुसेना अपने लड़ाकू विमान, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और ड्रोन मिशन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में संचालित कर सकती है।
सिर्फ हवाई ताकत ही नहीं, बल्कि समुद्री शक्ति के मामले में भी अमेरिका बेहद मजबूत है। अमेरिकी नौसेना के दुनिया भर में 50 से 80 प्रमुख नेवल बेस माने जाते हैं। बहरीन में Naval Support Activity, जापान का Yokosuka Naval Base, स्पेन का Naval Station Rota, हिंद महासागर में स्थित Diego Garcia Military Base और ग्रीस का Souda Bay Naval Base अमेरिका के प्रमुख समुद्री अड्डों में गिने जाते हैं। इन अड्डों की मदद से अमेरिकी युद्धपोत, पनडुब्बियां और विमानवाहक पोत दुनिया के किसी भी समुद्री क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं।यही वजह है कि जब मध्य पूर्व में तनाव बढ़ता है, खासकर ईरान और इजराइल के बीच टकराव की स्थिति बनती है, तो इन अमेरिकी अड्डों की रणनीतिक अहमियत कई गुना बढ़ जाती है। मध्य पूर्व में अमेरिका के कई अहम सैन्य अड्डे पहले से मौजूद हैं। अगर संघर्ष की स्थिति बनती है, तो अमेरिका इन्हीं अड्डों से अपने फाइटर जेट, ड्रोन और मिसाइल सिस्टम को तुरंत सक्रिय कर सकता है।खाड़ी क्षेत्र में बहरीन, कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद अमेरिकी अड्डे इस रणनीति का अहम हिस्सा हैं। इन अड्डों से अमेरिकी नौसेना और वायुसेना पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में निगरानी, खुफिया मिशन और सैन्य ऑपरेशन संचालित करती है।रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका की यह रणनीति “फॉरवर्ड डिप्लॉयमेंट” पर आधारित है।
इसका मतलब है कि संभावित संघर्ष वाले क्षेत्रों के आसपास पहले से ही सैन्य अड्डे बना लिए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर सेना को हजारों किलोमीटर दूर से भेजने की जरूरत न पड़े और नजदीकी अड्डों से ही तुरंत ऑपरेशन शुरू किया जा सके।यही वजह है कि अमेरिका का यह विशाल सैन्य नेटवर्क दुनिया में सबसे बड़ा माना जाता है। रूस, चीन या ब्रिटेन जैसे देशों के पास भी विदेशी सैन्य अड्डे हैं, लेकिन उनका नेटवर्क अमेरिका जितना व्यापक नहीं है।



