दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है और इस टीम में कई बड़े और चर्चित चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और तीरथ सिंह रावत समेत 14 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि विनोद तावड़े को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिली है। इसके अलावा पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। बीजेपी की नई टीम को लेकर सबसे खास बात यह है कि इसमें अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आ रही है। महिला नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को नई टीम में जगह मिली है, जो राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल की शुरुआत में यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं। नई टीम के ऐलान के साथ बीजेपी ने संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावी मुकाबलों के लिए अपनी रणनीति का संकेत दे दिया है। अब देखना होगा कि नितिन नवीन की नई टीम पार्टी की चुनावी और संगठनात्मक रणनीति को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।





