क्या हिमालय का भूगोल बदल रहा है या फिर सदियों पुरानी हमारी आस्था ने कोई नया मार्ग चुन लिया है? यह सवाल आज हर उस श्रद्धालु के मन में है जो हिमालय की दुर्गम गुफाओं में महादेव की तलाश करता है. दक्षिण कश्मीर के अमरनाथ से करीब 1,000 किलोमीटर दूर उत्तराखंड की नीति घाटी में हो रही एक दिव्य हलचल ने न केवल भक्तों, बल्कि भू-वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है. सवाल बड़ा है—क्या महादेव अब कश्मीर छोड़कर कैलाश के किसी प्राचीन मार्ग पर विराजमान होने वाले हैं?
अमरनाथ पर मंडराता संकट
समुद्र तल से 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा वह स्थान है, जहां शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का पाठ पढ़ाया था. लेकिन आज ग्लोबल वार्मिंग और अनियंत्रित इंसानी दखल ने बाबा के हिम-स्वरूप पर संकट खड़ा कर दिया है. आंकड़े बताते हैं कि साल 2025 में यात्रा शुरू होने के पहले हफ्ते में ही शिवलिंग का आकार 50% तक कम हो गया. प्रकृति की यह चेतावनी संकेत दे रही है कि कश्मीर के बाबा बर्फानी का स्वरूप अब समय से पहले ओझल होने लगा है.
नीति घाटी: ‘छोटा अमरनाथ’ या महादेव का नया गंतव्य?
इसी संकट के बीच, उत्तराखंड के चमोली जिले की नीति घाटी से आई तस्वीरों ने दुनिया को चौंका दिया है. भारत-चीन सीमा के पास स्थित टिम्मरसैंण महादेव की गुफा में भी ठीक अमरनाथ की तरह प्राकृतिक हिम-शिवलिंग आकार ले रहा है. इसे छोटा अमरनाथ कहा जा रहा है. आश्चर्य की बात यह है कि जहां अमरनाथ का शिवलिंग तेजी से पिघल रहा है, वहीं टिम्मरसैंण में 10 फीट ऊंचा शिवलिंग अमरनाथ के मुकाबले ज्यादा ठोस और टिकाऊ पाया गया है.
चमत्कार या संयोग: सफेद कबूतर और नीला हिम
इस कहानी में कुछ ऐसे मोड़ हैं जो विज्ञान की समझ से परे हैं. अमरनाथ की कथा में अमरत्व का वरदान पाए उन दो सफेद कबूतरों का जिक्र आता है. ताज्जुब है कि 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित टिम्मरसैंण की गुफा में भी श्रद्धालुओं को एक सफेद कबूतर दिखाई दे रहा है. इसके अलावा, यहाँ शिवलिंग का एक हिस्सा दूधिया सफेद नहीं बल्कि गहरा ‘नीला’ है, जिसे भक्त साक्षात ‘नीलकंठ’ का प्रमाण मान रहे हैं.
कैलाश का वो प्राचीन मार्ग
जानकारों का मानना है कि इस विस्थापन के पीछे गहरे ऐतिहासिक संकेत हैं. 1962 के युद्ध से पहले, भारत से कैलाश मानसरोवर जाने के लिए इसी नीति दर्रे (Niti Pass) का इस्तेमाल होता था. विद्वानों ने इसे कैलाश का सबसे सुगम मार्ग बताया है. क्या टिम्मरसैंण महादेव का उभरना इस बात का संकेत है कि महादेव हमें उस पुराने मार्ग की याद दिला रहे हैं जिसे वक्त के साथ भुला दिया गया था?
विज्ञान बनाम आस्था
भू-वैज्ञानिकों के अनुसार, यह हिम-स्टैलेग्माइट प्रक्रिया है. गुफा की छत से रिसता कैल्शियम युक्त पानी शून्य से नीचे के तापमान में शिवलिंग का आकार ले लेता है. विज्ञान इसे प्राकृतिक प्रक्रिया मानता है, लेकिन वह इस बात का जवाब देने में मौन है कि आखिर कबूतर और नीले हिम जैसे संयोग दोनों जगहों पर एक साथ कैसे मौजूद हैं? चाहे कश्मीर के अमरनाथ हों या उत्तराखंड के टिम्मरसैंण महादेव, शिव तो पूरी सृष्टि में व्याप्त हैं. लेकिन 1000 किलोमीटर दूर हो रही यह हलचल हमें एक बड़ा संदेश दे रही है प्रकृति के साथ तालमेल बिठाने का. अगर कश्मीर का पर्यावरण इसी तरह बिगड़ता रहा, तो आने वाले दशकों में आस्था का केंद्र नीति घाटी की ओर स्थानांतरित हो सकता है। फिलहाल, हिमालय के रहस्यों की यह किताब अभी बंद नहीं हुई है.




