कर्नाटक: क्या आपने कभी किसी ऐसे प्राचीन धाम की यात्रा की है, जहां भगवान के दर्शन करने के लिए आपको किसी ऊंची सीढ़ी या भव्य प्रांगण से नहीं, बल्कि 300 मीटर लंबी एक अंधेरी गुफा और कमर तक भरे ठंडे पानी से गुजरना पड़ता है? भारत में रहस्यों और अद्भुत आस्था के केंद्रों की कमी नहीं है, लेकिन कर्नाटक के बिदर में स्थित श्री नरसिंह झीरा गुफा मंदिर (Narasimha Jhira Cave Temple) की बात ही अलग है. मैनचूला पहाड़ी श्रृंखला के नीचे स्थित यह गुफा मंदिर न सिर्फ श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, बल्कि अपने अद्भुत प्राकृतिक और पौराणिक इतिहास के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है.
अनूठा आध्यात्मिक अनुभव
कर्नाटक के बिदर रेलवे स्टेशन से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी पर बसा यह गुफा मंदिर बिदर के सबसे प्रमुख आकर्षणों में से एक है. मंदिर का मुख्य द्वार किसी सामान्य मंदिर जैसा दिखता है, लेकिन इसके असली रहस्य की शुरुआत गर्भगृह की ओर जाने वाली 300 मीटर लंबी उस संकरी और प्राकृतिक सुरंग से होती है, जिसमें पूरे साल 4 से 5 फीट प्राकृतिक जलधारा बहती रहती है.
जब दानव जलसुर बना बहती जलधारा
इस मंदिर के पीछे एक पौराणिक कथा प्रचलित है. जिसके अनुसार अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार लेकर राजा हिरण्यकश्यप का वध किया था. इसके बाद, उन्होंने जलसुर नाम के एक अन्य दानव का संहार किया. जलसुर भगवान शिव का परम भक्त था. जब भगवान नरसिंह ने उसका वध किया, तो उसने अंतिम क्षणों में प्रभु से प्रार्थना की कि वह सदैव उनके चरणों में ही स्थान पाए. जलसुर की प्रार्थना से प्रसन्न होकर भगवान नरसिंह ने उसे वरदान दिया. इसके बाद जलसुर एक पवित्र जलधारा में परिवर्तित हो गया और भगवान नरसिंह के चरणों से होकर बहने लगा. यही प्राकृतिक जलधारा आज भी इस गुफा में निरंतर प्रवाहित हो रही है.
सैकड़ों चमगादड़ों का डेरा
इस 300 मीटर लंबी अंधेरी सुरंग का अनुभव किसी रोमांचक यात्रा से कम नहीं है. गुफा की छत पर सैकड़ों चमगादड़ लटके रहते हैं और दर्शन के दौरान भक्तों के सिर के ऊपर से उड़ते रहते हैं. गुफा भले ही अंधेरी हो और वहां सैकड़ों चमगादड़ मौजूद हों, लेकिन आज तक किसी भी श्रद्धालु को किसी चमगादड़ ने न तो नुकसान पहुंचाया है और न ही कभी कोई अप्रिय घटना घटी है. भक्त इसे भगवान नरसिंह का सीधा चमत्कार और छत्रछाया मानते हैं.
स्वयंभू नरसिंह प्रतिमा और ऐतिहासिक शिवलिंग
कमर तक बहते पानी में 300 मीटर पैदल चलने के बाद गुफा का अंतिम छोर आता है. यहां लैटेराइट की कठोर चट्टानी दीवार पर उभरी हुई भगवान नरसिंह की स्वयंभू प्रतिमा स्थापित है. इसी प्रतिमा के ठीक पास में एक शिवलिंग भी स्थापित है, जिसके बारे में कहा जाता है कि जलसुर स्वयं इसकी पूजा किया करता था. यहां का गर्भगृह इतना छोटा और संकरा है कि एक समय में केवल 8 से 10 लोग ही भगवान के पास खड़े होकर दर्शन कर सकते हैं.
श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक जानकारी
अगर आप भी इस दिव्य और साहसिक आध्यात्मिक यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो जान लें मंदिर सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है. कमर तक पानी में चलने के कारण कपड़े पूरी तरह भीग जाते हैं. ऐसे में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में चेंजिंग रूम और टॉयलेट की अच्छी व्यवस्था उपलब्ध है. माना जाता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से इस कठिन सुरंग को पार करके भगवान नरसिंह और शिवलिंग के दर्शन करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और पुरानी से पुरानी बीमारियों से मुक्ति मिलती है.
कैसे पहुंचे?
निकटतम रेलवे स्टेशन बिदर (Bidar Railway Station) है, जो मंदिर से सिर्फ 5 किमी दूर है. निकटतम मुख्य हवाई अड्डा हैदराबाद (Rajiv Gandhi International Airport) है, जो बिदर से लगभग 140-150 किमी की दूरी पर है. और एगर सड़क मार्ग से जाने की योजना बना रहे हैं तो कर्नाटक और तेलंगाना के प्रमुख शहरों से बिदर के लिए बसें और प्राइवेट टैक्सियां आसानी से उपलब्ध हैं.




