विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, बिहार जिताने वाले विनोद तावड़े यूपी में आजमाएंगे कौन सा दांव ?

0
48

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सोमवार को नई टीम की पूरी लिस्ट सामने आई। अगले ही दिन मंगलवार को तीन चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में नए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है, पार्टी महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है, महासचिव सतीश पूनिया पंजाब के प्रभारी बनाए गए हैं, जबकि तरुण चुघ को गुजरात का प्रभार दे दिया गया है। ये माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के लिए तावड़े की नियुक्ति के जरिए बीजेपी बड़े लक्ष्य की तरफ नजर बनाए हुए है, इस बार पार्टी राज्य में हैट्रिक लगाने के की कोशिश में है, ऐसे में तावड़े को दी गई यूपी की कमान को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार में बतौर प्रभारी तावड़े की जोरदार रणनीति से राज्य में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में अब उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनके साथ जगदीश पटेल को सह प्रभारी बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश का विधानासभा चुनाव पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। माना जाता है यूपी से ही केंद्र की सत्ता का रास्ता जाता है, ऐसे में बीजेपी आने वाले चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। बीजेपी का उत्तर प्रदेश पर सबसे ज्यादा फोकस है, पार्टी ने लगातार दो लोकसभा और दो विधानसभा चुनाव जीते, लेकिन 2024 के पिछले लोकसभा चुनाव में झटका लगा था। ऐसे में राज्य में हैट्रिक लगाने की उसकी रणनीति को जमीन पर उतारना विनोद तावड़े के लिए चुनौती रहेगी। हालांकि पिछले कुछ महीनों से तावड़े उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहे हैं, चाहे योगी मंत्रिपरिषद का विस्तार हो या प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम का गठन करना, इस दौरान उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई है। सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य बेहतर करने और तालमेल बढ़ाने के लिए तावड़े सक्रिय रहे हैं और पार्टी में वे सबको साथ लेकर चलने वाले माने जाते हैं।

इससे पहले विनोद तावड़े ने बिहार के प्रभारी के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। संगठन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण और निर्णायक संगठनात्मक रणनीतिकार की रही है। 2022 में जब बीजेपी ने उन्हें बिहार का प्रभारी बनाया था, तब वहां का सियासी माहौल चुनौतीपूर्ण था, उन्होंने जेडीयू को फिर से NDA गठबंधन में वापस लाने और सीट बंटवारे को सरल बनाने में मुख्य समन्वयक की भूमिका निभाई इसके साथ ही तावड़े ने बिहार में बूथ स्तर पर बीजेपी को मजबूत करने का काम किया था जिसका परिणाम चुनावों में साफ नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here