
पटना: बिहार की राजधानी पटना में दुर्गा पूजा के दौरान प्रसाद वितरण के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। महानवमी की देर रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 53 के पास हुई इस घटना में विनय कुमार चौरसिया नाम का युवक घायल हो गया। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, विनय कुमार चौरसिया दुर्गा पूजा महोत्सव युवा संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रसाद वितरण कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला धर्मेंद्र दास अपने चार-पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें विनय कुमार चौरसिया को गोली लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, युवक की हालत खतरे से बाहर है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद सचिवालय एसडीपीओ-1 अनु कुमारी ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और घटना में शामिल लोगों की क्या भूमिका रही। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।




