पंजाब में ‘चिट्टे के रावण’ का दहन करेंगे अमित शाह, नशा पीड़ितों के परिवारों से भी होगी मुलाकात

पंजाब दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लुधियाना में 'चिट्टे के रावण' का दहन करेंगे. साथ ही नशा पीड़ितों के परिवारों से भी मुलाकात करेंगे.

0
18

नई दिल्ली: देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ केंद्र सरकार की ओर से लगातार नशा मुक्त भारत अभियान को गति दी जा रही है. ड्रग्स और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न राज्यों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं. पंजाब से लेकर पूर्वोत्तर और तटीय राज्यों तक ड्रग तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है और करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं.अब इसी कड़ी में, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने पंजाब दौरे के दौरान लुधियाना में प्रतीकात्मक रूप से ‘चिट्टे के रावण’ का दहन करेंगे.

क्या है गृह मंत्री का पूरा प्लान?

लुधियाना में आयोजित होने वाले एक विशेष दशहरा समारोह के दौरान गृह मंत्री अमित शाह नशे रूपी रावण के पुतले का दहन करेंगे, जो इस बात का प्रतीक है कि सरकार पंजाब से नशे की बीमारी को जड़ से उखाड़ने के लिए प्रतिबद्ध है.अपने इस दौरे में गृह मंत्री केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे. वे पंजाब के मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जैसे इलाकों का भी दौरा करेंगे. यहां वे उन लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाई और इस लड़ाई में अपनों को खोया या प्रताड़ित हुए.

2029 तक पंजाब को ‘चिट्टा मुक्त’ बनाने का संकल्प

बता दें 20 अक्तूबर को अमित शाह पंजाब दौरे पर है.. जहां आगामी विधानसभा चुनावों और राज्य की सुरक्षा के लिहाज से यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प लिया है कि 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को पूरी तरह से चिट्टे (ड्रग्स) से मुक्त कर दिया जाएगा. गृह मंत्री का यह कदम देश के युवाओं को यह संदेश देने की कोशिश है कि सरकार न सिर्फ सीमा पार से होने वाली ड्रग्स की तस्करी को रोक रही है, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी जागरूकता फैलाकर इस लड़ाई को हर घर तक पहुंचा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here