सुबह की दौड़, टारगेट का प्रेशर, रिश्तों की उलझन और इन सबके बीच… सुकून की तलाश, यह कहानी सिर्फ किसी एक इंसान की नहीं, बल्कि हम सबकी है. आज हम सभी एक ऐसी दौड़ में भाग रहे हैं जहां रास्ता तो पता है, लेकिन मंजिल का सुकून पूरी तरह गायब है. पर इसी भागदौड़ भरी दुनिया में एक ऐसा शख्स भी है, जिसने हाथों में इंजीनियरिंग की डिग्री लेकर जब एक बड़ी कॉर्पोरेट कंपनी में कदम रखा, तो उसने सफलता की ऊंची सीढ़ियां चढ़ने के बजाय एक बिल्कुल अलग और अनोखा रास्ता चुना. एक ऐसा रास्ता… जिसने उन्हें एक इंजीनियर से लाखों-करोड़ों दिलों का लाइफ कोच बना दिया. हम बात कर रहे हैं गौर गोपाल दास जी की.
मुस्कान और खुलकर ठहाका लगाने का अंदाज
गौर गोपाल दास जी का नाम आते ही उनका चश्मा, उनकी प्यारी सी मुस्कान और हर बात पर खुलकर ठहाका लगाना आंखों के सामने आ जाता है. यह सिर्फ उनका स्टाइल नहीं है, बल्कि जिंदगी को हर हाल में जिंदादिली से जीने का एक नया नजरिया है. गौर गोपाल दास जी का जन्म महाराष्ट्र के पुणे में हुआ. उन्होंने पुणे के प्रतिष्ठित COEP (College of Engineering, Pune) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई खत्म होते ही उन्हें हेवलेट-पैकर्ड (HP) जैसी दिग्गज कंपनी में एक शानदार नौकरी मिल गई. सब कुछ परफेक्ट था पैसा था, स्टेटस था और एक सुरक्षित भविष्य भी.
1996 का वो फैसला, जिसने सब बदल दिया
नौकरी के दौरान उनके मन में एक सवाल बार-बार उठता था क्या जिंदगी का असली मकसद सिर्फ पैसा कमाना और महीने के बिल चुकाना है? इस सवाल के जवाब की तलाश में साल 1996 में उन्होंने एक ऐसा कदम उठाया जिसने सबको चौंका दिया. उन्होंने कॉर्पोरेट दुनिया के आराम और करियर को छोड़कर इस्कॉन (ISKCON) मंदिर जॉइन कर लिया और संन्यासी बनने का रास्ता चुन लिया. यह बदलाव आसान नहीं था, लेकिन उनका मकसद बिल्कुल साफ था उन्हें खुद को जानना था और लोगों के दुखों को कम करना था.
उबाऊ उपदेश नहीं, ‘रोजमर्रा की चीजों’ से जीवन का ज्ञान
दुनिया में हजारों साधु-संत और वक्ता हैं, लेकिन गौर गोपाल दास जी में ऐसा क्या खास है जो उन्हें सबसे अलग बनाता है? जवाब है उनका स्टोरीटेलिंग स्टाइल! वह कोई उबाऊ या भारी-भरकम उपदेश नहीं देते. वह श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान और आधुनिक मनोविज्ञान को समझाने के लिए हमारी रोजमर्रा की चीजों का इस्तेमाल करते हैं जैसे कार का शीशा, आइसक्रीम, गुलाब जामुन या मोबाइल का नेटवर्क. चिंता दूर करने का उनका सबसे मशहूर फॉर्मूला जानते हैं क्या है? वो कहते हैं, क्या आपकी जिंदगी में कोई समस्या है? नहीं? तो चिंता क्यों करना?अगर समस्या है और आप उसके लिए कुछ कर सकते हैं? तो चिंता क्यों करना? और अगर आप कुछ नहीं कर सकते? तो भी चिंता करने से क्या फायदा? इतनी बड़ी और गहरी बात को इतने सरल शब्दों में समझा देना ही उनका सबसे बड़ा हुनर है.
गौर गोपाल दास जी के 3 सबसे बड़े ‘लाइफ लेसंस’
कृतज्ञता (Gratitude) सीखें: हम हमेशा उन चीजों के लिए रोते हैं जो हमारे पास नहीं हैं. लेकिन जो हमारे पास मौजूद है, पहले उसके लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा करना सीखें.
स्वीकार्यता (Acceptance) बढ़ाएं: रिश्तों को हर वक्त सही करने की कोशिश मत करो, बल्कि उनसे कनेक्ट होना सीखो. लोग हमेशा आपकी इच्छा के अनुसार नहीं बदलेंगे, उन्हें वैसे ही स्वीकार करना सीखें.
परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया आपके हाथ में है: परिस्थितियां हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होतीं, लेकिन उन पर हम कैसा रिएक्शन देते हैं, यह पूरी तरह हमारे हाथ में है. खुशी कोई मंजिल नहीं, बल्कि सफर का एक खूबसूरत हिस्सा है.
‘लाइफ्स अमेजिंग सीक्रेट्स’ और आगे बढ़ने का संदेश
आज गौर गोपाल दास जी सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. उनकी बेस्ट-सेलिंग किताब ‘Life’s Amazing Secrets’ ने लाखों लोगों की जीवन शैली और सोच को बदला है. वह हमें सिर्फ सांस लेना नहीं, बल्कि सही मायनों में जिंदगी जीना सिखाते हैं. उनका एक खास संदेश हमेशा याद रखिए, गाड़ी में पीछे देखने वाला कांच छोटा होता है और सामने का शीशा बहुत बड़ा… क्योंकि आगे का रास्ता, पीछे छूट चुके रास्ते से कहीं ज्यादा जरूरी और बड़ा होता है. इसलिए पीछे देखना छोड़िए, अतीत की उलझनों से बाहर निकलिए और चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान के साथ जिंदगी में आगे बढ़िए.




