सोनिया गांधी का बड़ा डिजिटल धमाका, पहली बार बनाया Instagram अकाउंट, शेयर किया अपनी नई किताब का Video

0
19

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और देश की दिग्गज नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर अपनी एंट्री से सभी को चौंका दिया है। 79 वर्षीय सोनिया गांधी ने गुरुवार को पहली बार अपना आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @soniagandhi लॉन्च किया। सोशल मीडिया से हमेशा दूरी बनाकर रखने वाली सोनिया गांधी का डिजिटल दुनिया में यह पहला बड़ा कदम है। अकाउंट बनाते ही सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपनी बायोग्राफी ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का फर्स्ट लुक दिखा रही हैं। यह किताब 10 नवंबर 2026 को दुनिया भर में लॉन्च होने जा रही है।

पहले ही वीडियो में दिखी प्रियंका गांधी के साथ खास बॉन्डिंग

सोनिया गांधी ने अपने पहले इंस्टाग्राम वीडियो में किताब की पहली कॉपी मिलने की खुशी जाहिर की है। वीडियो में वह अपनी बेटी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिठाई बांटती और गले मिलती भी नजर आई। किताब के पन्नों को पलटते हुए वह राहुल और प्रियंका के बचपन की तस्वीरों को देखकर मुस्कुराती हैं और प्रियंका से कहती हैं, “लॉट्स ऑफ पिक्चर्स, प्रियंका!”अपनी पोस्ट के कैप्शन में सोनिया गांधी ने लिखा— “सभी को नमस्कार, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मैं वास्तव में बहुत आभारी हूं। यह ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक है। यह प्रेम, कर्तव्य, नुकसान और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है। मैं इसे पाठकों के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं।”

चंद मिनटों में हजारों फॉलोअर्स, सिर्फ इन 3 लोगों को किया फॉलो

जैसे ही सोनिया गांधी के इंस्टाग्राम पर आने की खबर फैली, कुछ ही मिनटों में उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ गई। कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उनका स्वागत किया है। दिलचस्प बात यह है कि सोनिया गांधी अपने इस नए अकाउंट से सिर्फ 3 लोगों को फॉलो कर रही हैं- राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा,और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का आधिकारिक पेज।

10 नवंबर को आएगी किताब: क्या होगा खास?

544 पन्नों की यह बहुप्रतीक्षित किताब भारत में हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित की जा रही है। यह संस्मरण सोनिया गांधी के जीवन के बेहद निजी और राजनीतिक सफर का एक दुर्लभ दस्तावेज है। इस किताब में इटली में बीते उनके बचपन, इंग्लैंड के कैंब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शादी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्ते, और फिर परिवार में हुई बड़ी त्रासदियों के बाद भारतीय राजनीति में उनके प्रवेश की पूरी कहानी है। इसके अलावा, साल 2004 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उनके प्रधानमंत्री पद न लेने के ऐतिहासिक फैसले के पीछे की वजहों का भी इसमें जिक्र होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here