कार की छत पर युवक को बांध कर डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ाया कार, गिरने पर कुचलने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार

0
25
कार की छत पर युवक को बांध कर डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ाया कार, गिरने पर कुचलने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार
कार की छत पर युवक को बांध कर डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ाया कार, गिरने पर कुचलने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार
शिवम-त्रिपाठी-संवाददाता,कानपुर

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले बीरू के साथ मारपीट की, फिर उन्हें कार की छत पर बैठाकर उनके दोनों हाथ खिड़कियों में फंसा दिए और शीशे बंद कर दिए। इसके बाद कार को करीब डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ाया गया। आरोप है कि सड़क पर गिरने के बाद युवक के ऊपर कार चढ़ाने की भी कोशिश की गई। गंभीर रूप से घायल बीरू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप

मामला कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र का है। अर्रा निवासी बीरू सिंह भदौरिया एक फूड प्रोडक्ट कंपनी में सेल्समैन थे। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे बीरू को रास्ते में रोक लिया गया।

परिजनों का आरोप है कि कार सवार लोगों ने पहले बीरू के साथ मारपीट की और फिर कार से टक्कर मार दी। इसके बाद उन्हें जबरन कार की छत पर बैठा दिया गया। आरोप है कि उनके दोनों हाथ कार की खिड़कियों में फंसाकर शीशे बंद कर दिए गए, जिससे उनके लिए खुद को बचाना मुश्किल हो गया।

डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ती रही कार, युवक की मौत

आरोप है कि कार सवार युवक को छत पर फंसाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते रहे। इस दौरान बीरू अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते रहे। बताया जा रहा है कि राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास बीरू कार से सड़क पर गिर गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपियों ने उनके ऊपर कार चढ़ा दी।

बीरू के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। उनके हाथों की उंगलियां भी बुरी तरह घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटनास्थल के पास से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने बीरू को पहचानकर उनके परिवार को सूचना दी।

24 से ज्यादा CCTV कैमरों में कैद हुई घटना

इस मामले में सीसीटीवी फुटेज पुलिस की जांच के लिए अहम साक्ष्य बनकर सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दो दर्जन से अधिक कैमरों में कार की आवाजाही और घटना से जुड़े दृश्य कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 10 से अधिक टीमों ने 60 से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की।

परिजनों की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने राजवीर और पिंटू नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें दूसरे जिलों में भेजी गई हैं।

आरोपियों ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने दावा किया कि कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत के बाद मोटरसाइकिल सवार बीरू भदौरिया गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए थे। आरोपियों ने बताया कि वे घबराकर कार भगाने लगे। हालांकि, इस मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपियों के बयान और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

बीरू सिंह भदौरिया अपने पीछे पत्नी रीना, दो बेटियों, एक बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पुरानी रंजिश के चलते बढ़ती हिंसा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here